अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 9 जून 2026
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर रेंज में आज प्रातः 5 बजे जंगली हाथी ने बुजुर्ग दंपति को कुचल मौत के घाट उतार दिया। घटना के 5 घंटे बाद भी शव के समीप डटे हुए हैं, जिसके चलते अभी तक वन और पुलिस का अमला शव को नहीं बरामद कर पाया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार राजपुर के ग्राम कुंदीकला निवासी दंपति जूठन गोंड 65 वर्ष और सुंदरी गोंड 60 वर्ष आज 9 जून 2026 को प्रातः 5 बजे उठ गांव से लगे बांध पारा जंगल की तरफ टहलने के लिए गए थे। तभी झाड़ियों से निकल एक हाथी उनके सामने आ धमका और हमला कर दिया। जिससे दोनों की मौत हो गई
नाती ने रोका था
बताया जा रहा है कि जंगल में हाथी के होने की खबर पर वन विभाग के द्वारा मुनादी करा लोगो को सूचना दी जा रही थी, इधर प्रतिदिन की भांति बुजुर्ग दंपति जूठन और सुंदरी आज प्रातः भी उठे और जंगल की तरफ जाने लगे तो उनके नाती धर्मपाल ने उन्हें रोका था, जंगल में हाथी होने की बात बताते हुए उस तरफ नहीं जाने कहा था मगर दंपति नहीं माने।
ग्रामीणों में दहशत
हाथी द्वारा दंपति को मौत के घाट उतार दिए जाने से ग्रामीणों में दहशत है। घटना स्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर ग्रामीणों की भीड़ बनी रही और शव लाने हाथी के दूर जाने की प्रतीक्षा करते रहे मगर हाथी वही मंडरा रहे हैं, जिससे शव लाने की हिम्मत कोई नहीं कर पा रहा है।
ग्रामीणों को दी जा रही समझाइस
रेंजर अजय कुमार वर्मा ने खबरी गुल्लक से चर्चा करते हुए बताया कि बताया कि राजपुर रेंज में 5 हाथी विचरण कर रहे हैं। जिसमें से एक हाथी अलग होकर विचरण कर रहा है। इसी अकेले हाथी ने बुजुर्ग दंपति को मारा। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही है, हाथियों से दूर रहने, हाथी के साथ किसी भी प्रकार का छेड़छाड़ न करने समझाइश दी जा रही है। प्रातः साढ़े 10 बजे तक शव बरामद नहीं किया जा सका था।




