अंबिकापुर से हवाई सेवा आरंभ करने टीएस सिंहदेव के पत्र का ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिया यह जवाब ... सिंहदेव ने अपने एक्स हैंडल में जवाब अपलोड कर जताई यह उम्मीद .... देखें नागर विमानन व इस्पात मंत्री का क्या है जवाब .....
जनवरी 27, 2024
0
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के द्वारा सरगुजा के दरिमा एयरपोर्ट में हवाई सेवा शीघ्र आरंभ करने के संबंध में 15 दिसंबर 2023 को भेजे गए पत्र के संबंध में नागर विमानन व इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने श्री सिंहदेव को जवाब भेज अवगत कराया है कि इसके लिए लाइसेंस की प्रक्रिया चल रही है।लाइसेंस प्राप्त होने के बाद एयरलाइन अंबिकापुर दरिमा से उड़ाने प्रचालित कर सकती हैं। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के द्वारा ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस जवाब को अपने सोशल मीडिया एक्स हेंडिल में अपलोड कर दरिमा से शीघ्र हवाई सेवा आरंभ होने की उम्मीद जताई है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा पूर्व मंत्री टीएस सिंहदेव के पत्र के जवाब में कहा गया है कि आपके पत्र का संदर्भ अंबिकापुर हवाईअड्डा से नियमित हवाई सेवा प्रारंभ करवाए जाने से संबंधित है।अंबिकापुर हवाई अड्डे का स्वामित्व छतीसगढ़ सरकार के पास है। उड़ान योजना के पहले दौर के अंतर्गत, अंबिकापुर हवाई अड्डे को आरसीएस उड़ानों के प्रचालन हेतु विकसित करने के लिए चिन्हित किया गया था। हवाईअड्डे का 3C-VFR के रूप में विकास कार्य पूरा हो गया है और लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है। उड़ान 4.2 के तहत, अंबिकापुर- बिलासपुर- अंबिकापुर और अंबिकापुर- रायपुर- अंबिकापुर मार्ग को फ्लाई बिग एयरलाइन को अवार्ड कर दिया गया है। लाइसेंस प्राप्त होने के बाद, एयरलाइन अंबिकापुर से उड़ानें प्रचालित कर सकती हैं। अम्बिकापुर- वाराणसी- अम्बिकापुर मार्ग उड़ान योजना के तहत अवार्ड नहीं किया गया है। उड़ान के आगामी दौर में यदि इस मार्ग के लिए कोई बोली प्राप्त होती है, तो उस पर योजना के मानदंडों के तहत विचार किया जाएगा।पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मार्च, 1994 में वायु निगम अधिनियम को समाप्त कर दिए जाने के साथ ही भारतीय घरेलू विमानन को पूरी तरह से नियंत्रणमुक्त कर दिया गया है। एयरलाइनें अपनी प्रचालन और वाणिज्यिक व्यवहार्यता के आधार पर देश के किसी भी हवाईअड्डे के लिए हवाई सेवाएं प्रचालित करने के लिए स्वतंत्र है।




