पटना।। खबरी गुल्लक।।
पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई ने क्लीन स्वीप की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। अध्यक्ष और महासचिव पद पर शानदार जीत के साथ संगठन ने अपनी ताकत दिखाई, जबकि एबीवीपी को संयुक्त सचिव व कोषाध्यक्ष की दो सीटें नसीब हुईं। जदयू और राजद समर्थित उम्मीदवारों का खाता तक नहीं खुला।
शनिवार रात आए नतीजों में एनएसयूआई के शांतनु शेखर ने जदयू छात्र शाखा के प्रिंस कुमार को 1,496 वोटों के भारी अंतर से धूल चटा दी। महासचिव पद पर खुशी कुमारी ने छात्र राजद के प्रत्युष राज को 553 वोटों से पछाड़ा। उपाध्यक्ष की दौड़ में स्वतंत्र टीम ओसामा के सिफत फैज ने छात्र जदयू के आयुष हर्ष को महज 71 वोटों से मात दी। एबीवीपी के अभिषेक कुमार संयुक्त सचिव बने, वहीं हर्ष वर्धन ने कोषाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।




