अंबिकापुर।खबरी गुल्लक
नजूल भूमि पट्टा के नवीनीकरण की प्रक्रिया के सरलीकरण और लहपटरा टोल प्लाजा से नियमित रूप से गुजरने वाले स्थानीय निवासियों को टोलटैक्स में राहत के लिए प्रदेश कांग्रेस सहसचिव राकेश सिंह के नेतृत्व में एक ज्ञापन सरगुजा कलेक्टर को दिया गया है। 1996 के उपरांत 30 वर्ष पूर्ण हो जाने के बाद अम्बिकापुर शहर में नजूल भू- खंडों का नवीनीकरण 30 मार्च 2026 से लंबित है। शहर में 20 हजार नजूल भूस्वामियों में 80 प्रतिशत भूस्वामी इससे प्रभावित हो रहे हैं। नवीनीकरण की मौजूदा प्रक्रिया न केवल दुरूह है साथ ही नवीनीकरण के लिए जवाबदेह सरकारी मशीनरी की क्षमता इतनी बड़ी संख्या में नवीनीकरण के योग्य भी नहीं है। जिसकी वजह से शहर के नागरिकों विशेष तौर पर व्यवसायी वर्ग को बेहद कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी समस्या अम्बिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर नए स्थापित लहपटरा टोलप्लाज़ा को लेकर है। अम्बिकापुर से उदयपुर और उसके आगे तक के निवासी नौकरी और व्यवसाय के लिए नियमित तौर पर इस टोलप्लाज़ा को अपने निजी वाहनों से पार करते हैं। इस टोलप्लाज़ा को एक बार पार करने का शुल्क 80 रु बताया जा रहा है जो नियमित यात्रियों के लिए बडा आर्थिक भार है। इन समस्याओं के निदान के लिए आज सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान राकेश सिंह ने कहा कि चाहे नजूल भूमि के पट्टों के नवीनीकरण का मामला हो या लह पटरा के टोलप्लाज़ा का मामला इन दोनों का सर्वाधिक असर अम्बिकापुर शहर एवं क्षेत्र के व्यवसायी वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने मंत्री राजेश अग्रवाल को संदेश देते हुए कहा कि नजूल भूमि के पट्टों के नवीनीकरण की प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए उन्हें राज्य सरकार से तो लहपटरा टोलप्लाज़ा से नियमित गुजरने वाले लोगों के राहत हेतु केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा कर कथित डबल इंजन को सार्थक बनाना चाहिए। प्रतिनिधि मंडल के साथ मौजूद जिला कांग्रेस सचिव अविनाश कुमार ने कहा कि नजूल भूमि पट्टा नवीनीकरण की जटिलता का लाभ उठा कई दलाल सक्रिय हो गये हैं जो लाखों की वसूली में लगे हुए हैं। सरकार को वार्ड अनुसार शिविर लगाकर और प्रक्रिया का सरलीकरण कर आम जनता को राहत देना चाहिए। इस दौरान अमित सिंह, केदार यादव सहित कई अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




