अंबिकापुर। सोना व चांदी का जेवर चमकाने का झांसा दे ठगों ने शहर की एक महिला का मंगलसूत्र और अंगूठी पार कर दिया। शहर में इस तरह की घटनाएं लम्बे समय बाद एक बार फिर से बढ़ने लगी है। शहर के संजय पार्क के सामने चोरकाकछार मोहल्ले में रहने वाली अमिता दुबे ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह वह घर में थी तभी दो युवक कंधे पे बैग लटकाए वहां पहुंचे और कहा कि वे उजाला कंपनी से हैं, इसका युवकों ने कार्ड भी दिखाया, अमिता दुबे ने बताया कि सबसे पहले उन्होंने चांदी का जेवर साफ करने दी, युवकों ने यह जेवर बिलकुल नए जैसे साफ कर लौटा दिए, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद युवकों ने कहा कि वे सोना का जेवर भी चमका देते हैं, यह सुन उन्होंने गले में पहना मंगलसूत्र और अंगूठी साफ करने दे दिया। दोनो युवकों ने यह जेवर बर्तन मांगा कर उसमें डाला, फिर कैमिकल और पानी डालने के बाद कहा 15 मिनट बाद जेवर को बर्तन से निकाल लेना बिल्कुल नए जैसे मिलेंगे। इसके एवज में भी युवकों ने पैसे लिए और चले गए। 15 मिनट बाद अमिता दुबे ने जब बर्तन में जेवर टटोली तो होश उड़ गए, उसमें न तो मंगलसूत्र था और न ही अंगूठी। ठगी का शिकार होने के बाद महिला फौरन कोतवाली पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस द्वारा सीसी टीवी कैमरे के आधार पर संदिग्धों की पड़ताल शुरू कर दी गई है।



