सरगुजा के 439 ग्राम पंचायतों में हुआ विशेष ग्राम सभा .. कलेक्टर, एसएसपी, जिपं सीईओ भी हुए शामिल.. योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और साइबर ठगी के प्रति जागरूकता पर दिया गया जोर

सरगुजा के 439 ग्राम पंचायतों में हुआ विशेष ग्राम सभा .. कलेक्टर, एसएसपी, जिपं सीईओ भी हुए शामिल.. योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और साइबर ठगी के प्रति जागरूकता पर दिया गया जोर

khabrigullak.com
By -
0

 

अम्बिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 25 जून 2026

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार सरगुजा जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जिले की 338 ग्राम पंचायतों में 24 जून को तथा शेष 101 ग्राम पंचायतों में 25 जून को ग्राम सभा आयोजित की गई। इस प्रकार जिले की कुल 439 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। ग्राम सभाओं में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, हितग्राहियों की सूची का अनुमोदन, पंचायतों के विकास कार्यों पर चर्चा तथा ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। विशेष ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के आधार पर तैयार हितग्राहियों की सूची का सत्यापन एवं अनुमोदन किया गया। पात्र, अपात्र एवं प्राथमिकता सूची का निर्धारण राज्य शासन द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप ग्राम सभा के समक्ष किया गया। पारदर्शिता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हितग्राहियों की प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन भी किया गया। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। आगामी 1 जुलाई से प्रारंभ होने जा रही इस महत्वाकांक्षी योजना के उद्देश्यों, पात्रता एवं लाभों से ग्रामीणों को अवगत कराते हुए अधिकाधिक लोगों को योजना से जोड़ने हेतु प्रचार-प्रसार किया गया। इसी क्रम में कलेक्टर  अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  राजेश अग्रवाल तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  विनय कुमार अग्रवाल उदयपुर विकासखंड के ग्राम फुनगी पहुंचे और वहां आयोजित विशेष ग्राम सभा में शामिल हुए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा शासन की योजनाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की। ग्राम सभा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पेयजल व्यवस्था, आंगनबाड़ी सेवाएं, आयुष्मान कार्ड, किचन शेड निर्माण, पंचायत स्तरीय निर्माण कार्यों तथा अन्य जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। ग्रामीणों ने अपनी आवश्यकताओं एवं मांगों से अधिकारियों को अवगत कराया।

कलेक्टर  अजीत वसंत ने ग्राम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के विकास, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग की जिम्मेदारी पंचायत एवं ग्रामवासियों की सामूहिक भागीदारी से ही पूरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है और पंचायत के विकास से जुड़े निर्णयों में प्रत्येक ग्रामीण की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा पंचायत विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

ग्राम फुनगी के ग्रामीणों द्वारा किचन शेड निर्माण की मांग रखे जाने पर कलेक्टर श्री वसंत ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए किचन शेड की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से तैयार सूची एवं विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जी-राम) योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया। ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत तैयार की गई सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात ग्राम सभा द्वारा अनुमोदित सूची को अंतिम रूप देकर आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा, जिससे पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से मिल सके।

अभियान का प्रमुख उद्देश्य सेवा वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाना है। इस अवसर पर ग्राम पंचायतों के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत कर ग्राम सभा से अनुमोदन प्राप्त किया गया। साथ ही पूर्व में पारित प्रस्तावों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए पंचायत परिसंपत्तियों के संरक्षण, रखरखाव, स्थानीय आवश्यकताओं तथा आगामी विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, इसलिए ग्रामीणों को सतर्क एवं जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते, आधार कार्ड, पैन कार्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत दस्तावेजों की जानकारी न दें तथा किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी साझा न करें। उन्होंने साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए संदिग्ध कॉल अथवा संदेश प्राप्त होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

एसएसपी श्री अग्रवाल ने सड़क सुरक्षा के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, बाइक पर तीन सवारी न बैठाने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने का आग्रह किया। ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक रहने की शपथ भी दिलाई गई।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)