अम्बिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 11 जून 2026
छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ कार्यकर्ता संघ ब्लाक इकाई अम्बिकापुर के अध्यक्ष हेमंत कुमार मराबी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला सरगुजा को ज्ञापन सौंप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरिमा के प्रभारी खण्ड चिकित्सा अधिकारी पर शासन के नियमों के विपरीत यात्रा भत्ता आहरण कर वित्तीय अनियमितता करने का गंभीर आरोप लगाया है। संघ का कहना है कि संबंधित अधिकारी ने शासन से अनुमति प्राप्त किए बिना विभिन्न यात्राओं के नाम पर फर्जी दावे प्रस्तुत कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रभारी खण्ड चिकित्सा अधिकारी द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान किए गए समस्त यात्रा भत्ता दावों का सत्यापन आवश्यक है। शिकायतकर्ता ने अनुरोध किया है कि जिला स्तरीय जांच कमेटी गठित कर, इन दावों, शासन से संबंधित स्वीकृति आदेशों, भ्रमण विवरण और भुगतान- अभिलेखों की निष्पक्षता से जांच कराई जाए। यदि जांच में नियमविरुद्ध भुगतान और अनियमितताएँ पायी जाती हैं तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
संघ के अध्यक्ष ने कहा कि हमने दस्तावेजों और दावे की प्रतियाँ प्राप्त की हैं जिनसे यह संदेह उत्पन्न होता है कि यात्रा के नाम पर भत्ते के गलत दावे किए गए हैं। यह न केवल सरकारी निधि का दुरुपयोग है, बल्कि सार्वजनिक विश्वास को भी चोट पहुँचाता है। उन्होंने बताया कि शिकायत में पुष्टि योग्य रिकॉर्ड भी संलग्न किए गए हैं। इस तरह के मामलों में सामान्यतः जिला स्तरीय जांच समिति प्रारम्भिक सत्यापन करती है, यदि अनियमितता प्रमाणित होती है तो विभागीय अन्वेषण के बाद लेखा- वितरण या अनुशासनात्मक कार्रवाई, धन वसूली और आवश्यकतानुसार दंडात्मक प्रावधान लागू किए जाते हैं। शिकायतकर्ता ने भी स्पष्ट तौर पर कहा है कि नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर काफी कड़ी कार्रवाई की जाए।




