उड़नखटोला से आयेंगे विष्णुदेव ... 6 साल से सूखे सरगुजा में बरसाएंगे 536.14 करोड़ की कृपा.. 1614 विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण व भूमिपूजन..

उड़नखटोला से आयेंगे विष्णुदेव ... 6 साल से सूखे सरगुजा में बरसाएंगे 536.14 करोड़ की कृपा.. 1614 विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण व भूमिपूजन..

khabrigullak.com
0


 अंबिकापुर। पिछली कांग्रेस सरकार में उपेक्षा के चलते विकास के लिए सूखे सरगुजा में इस बार सरकार बदलने के साथ मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय  सोमवार 9 दिसम्बर 2024 को सरगुजा जिले में 536.14 करोड़ के 1614  विकास कार्यों की कृपा बरसाएंगे।  जिसमें 157.02 करोड़ की राशि के 180 कार्यों का लोकार्पण एवं 379.12 करोड़ की राशि के 1434 कार्यों का भूमि पूजन करेंगे। नगरीय निकाय चुनाव के पूर्व क्षेत्र की आवश्यकताओं को लेकर अब दिग्गज नेताओं का भी दौरा शुरू होगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में होगा। कार्यक्रम में  विशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री  अरुण साव शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ शासन के वित्त एवं प्रभारी मंत्री सरगुजा  ओपी. चौधरी करेंगे। कलेक्टर  विलास भोस्कर ने रविवार को पी.जी. कॉलेज ग्राउंड में कार्यक्रम के आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासनिक टीम को समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

यह अतिथि होंगे शामिल 

मुख्यमंत्री प्रवास कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि, अनुसूचित जाति जनजाति एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग मंत्री  राम विचार नेताम, महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल, सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, विधानसभा क्षेत्र अम्बिकापुर के विधायक राजेश अग्रवाल, विधानसभा क्षेत्र लुण्ड्रा के विधायक  प्रबोध मिंज, विधानसभा क्षेत्र सीतापुर के विधायक  रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष  विश्वविजय सिंह तोमर, महापौर नगर पालिक निगम अम्बिकापुर डॉ. अजय तिर्की एवं जिला पंचायत सरगुजा अध्यक्ष श्रीमती मधु सिंह शामिल होंगे।

इन कार्यों को होगा भूमिपूजन 

भूमिपूजन कार्यों में अमृत 2.0 के तहत नगर पालिक निगम अंबिकापुर क्षेत्र में 123.28 करोड़ रूपए की लागत राशि के कुल 46 एमएलडी क्षमता के 3 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य का भूमिपूजन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 55.45 करोड़ की लागत के 15 सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, 55.05 करोड़ की लागत से 16 ग्राम पंचायतों में स्टॉप डेम, एनीकट, एवं नहर नवीनीकरण कार्य, जिले में 28.40 करोड़ की लागत से 243 आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, निकाय क्षेत्र अंतर्गत 5.92 करोड़ की लागत से विभिन्न वार्डों के सीसी रोड, नाली, सड़क डामरीकरण एवं अन्य 101 कार्यों का भूमिपूजन सहित कुल 379.12 करोड़ की राशि के 1434 कार्यों का भूमि पूजन किया जाना है।

इन कार्यों का होगा लोकार्पण 

लोकार्पण कार्यों में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 132.83 करोड की लागत से निर्मित 10 सड़कों का लोकार्पण, 3.59 करोड़ की लागत से तैयार जल जीवन मिशन के तहत पांच ग्रामों में एकल ग्राम एवं सोलर आधारित नल जल प्रदाय योजना, नगर निगम अम्बिकापुर में 3.52 करोड़ की लागत से निर्मित सर्व समाज मांगलिक भवन, राज्य विपणन बोर्ड द्वारा 500 मीट्रिक टन के तीन नवनिर्मित गोदाम एवं 5 किसान कुटीर भवन लागत 1.46 करोड़ सहित 157.02 करोड़ की राशि के कुल 180 कार्यों का लोकार्पण किया जाना है।

 अंबिकापुर में बनेगा 123.28 करोड़ का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा सरगुजा जिला प्रवास के दौरान नगर पालिक निगम अंबिकापुर क्षेत्र में 123.28 करोड़ रूपए की लागत राशि के कुल 46 एमएलडी क्षमता के 3 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा। बता दें कि नगर पालिक निगम अंबिकापुर क्षेत्र में गंदे पानी के उपचार हेतु भारत सरकार आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा अमृत 2.0 मिशन अंतर्गत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस प्लांट की स्थापना से नगर निगम अंबिकापुर में तरल अपशिष्ट का भी शत-प्रतिशत प्रबंधन सुनिश्चित होगा। प्लांट के माध्यम से नगर के तीन प्रमुख नाले चंपा नाला, मुक्तिधाम नाला एवं सरगवां उद्यान नाला क्षेत्र में प्लांट की स्थापना प्रस्तावित है। वर्तमान में नगर से प्रतिदिन 18 एमएलडी अपशिष्ट जल उत्सर्जित हो रहा है, जो इन नालों के माध्यम से बिना उपचार के जल स्रोत में मिलता है। इस प्लांट में प्रदूषित जल का उपचार किया जाएगा, प्लांट द्वारा उपचारित जल का पुनरुपयोग किया जा सकता है। इस जल का उपयोग निर्माण कार्य, उद्यान एवं खेतों में सिंचाई कार्य, उद्योगों में किया जा सकता है। नगर में बढ़ती जनसंख्या को दृष्टिगत रखते हुए इस प्लांट की क्षमता 46 एमएलडी प्रस्तावित की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)