सरगुजा वासियों को 72 सीटर विमान का सपना दिखा 19 सीटर का झुनझुना पकड़ाने की तैयारी.. क्या vip की भीड़ में हवाई चप्पल पहनने वालों की आएगी बारी...!
दिसंबर 17, 2024
0
अंबिकापुर। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा से वर्षों की प्रतिक्षा के बाद अंततः 19 दिसंबर 2024 से यात्री विमान की लैंडिंग और उड़ान की शुरुआत होगी। दरिमा हवाई अड्डे का उन्नयन उड़ान योजना के तहत किया गया। इस एयर पोर्ट में एक साथ दो ATR 72 खड़ा करने के साथ उड़ान और लैंडिंग की क्षमता है। हवाई अड्डे का विकास 72 सीटर विमान के परिचालन के अनुरूप करते हुए सरगुजा वासियों को यह सपना भी दिखाया जा रहा था कि यहां से 72 सीटर विमान उड़ान भरेगी, जिससे न सिर्फ सरगुजा बल्कि समूचे संभाग के विकास को गति मिलेगी। व्यापार, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उच्च स्तरीय इलाज भी सुलभ होगी। यह सपना देखते और सुनते कई वर्ष बीत गए, तब जाकर आखिरकार वह दिन समीप आ ही गया जब सरगुजा वासियों का सपना साकार होगा ..?, 19 दिसंबर 2024 को रायपुर से 72 नहीं 19 सीटर विमान अंबिकापुर के लिए उड़ान भरेगी और 1 घंटे में मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा में लैंड करेगी। इसके बाद विमान बिलासपुर के लिए रवाना हो वापसी के बाद पुनः रायपुर के लिए रवाना होगी। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार यह विमान सप्ताह में तीन दिन गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को चलेगी। ऐसे में अब सवाल यह उठता है कि महज 19 सीटर होने से सरगुजा के हवाई चप्पल पहनने वाले आमजन की बारी उड़ान के लिए आ पाएगी या नहीं। सरगुजा का एक वर्ग इस सेवा को झुनझुना की संज्ञा भी दे रहा है। 20 अक्टूबर 2024 को PM मोदी के द्वारा वर्चुअल कार्यक्रम में इस हवाई अड्डे का शुभारंभ किया गया था, कार्यक्रम में शामिल प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा था कि अब सरगुजा के हवाई चप्पल पहनने वालों का भी हवाई जहाज में उड़ने का सपना साकार होगा। बहरहाल नागरिकों द्वारा विमानसेवा आरंभ होने को लेकर उत्सुकता जताते हुए विमान सेवा को बनारस, दिल्ली से जोड़े जाने की भी आवश्यकता जताई है।








