अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 18 नवम्बर 2025।। अंबिकापुर थाना कोतवाली क्षेत्र के जोड़ा पीपल में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरगुजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने थाना कोतवाली पुलिस को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशानुसार पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार घटना में दोनों पक्षों द्वारा लाठी-डंडों से मारपीट कर सार्वजनिक रूप से हुडदंग मचाया गया था। इस संबंध में दो अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। दोनों पक्ष के खिलाफ धारा 296(बी), 351(2), 115(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत कार्रवाई की गई है।
एक पक्ष
1. संदीप केशरी पिता स्व. नाथुन प्रसाद केशरी 57 वर्ष
2. मनीष केशरी पिता प्रमोद केशरी 38 वर्ष
3. अनीष केशरी पिता प्रमोद केशरी 28 वर्ष
सभी निवासी जोड़ा पीपल थाना कोतवाली, अंबिकापुर।
दूसरा पक्ष
1. रामू ताम्रकार पिता स्व. मथुरा ताम्रकार 48 वर्ष
2. भारत ताम्रकार पिता स्व. मथुरा ताम्रकार 43 वर्ष
3. आर्यन ताम्रकार पिता राजेश ताम्रकार 27 वर्ष
सभी निवासी जोड़ा पीपल थाना कोतवाली, अंबिकापुर।
शांति भंग करने वाले बक्शे नहीं जाएंगे
कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस प्रकार की घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



