अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 24 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। एंटी करप्शन ब्यूरो की अंबिकापुर टीम ने बचरापोड़ी पुलिस चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर अब्दुल मुनाफ और उपनिरीक्षक ध्रुव प्रसाद यादव को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। यह घटना ग्रामीण सतेंद्र प्रजापति को फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग से जुड़ी है। ACB ने मौके पर 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
सूत्रों के अनुसार सतेंद्र प्रजापति नामक स्थानीय ग्रामीण पर बचरापोड़ी पुलिस चौकी ने फर्जी मामला दर्ज करने की धमकी दी थी। आरोपी पुलिसकर्मियों ने मामले से बचाने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। प्रजापति ने ACB को शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जाल बिछाया गया। मंगलवार को जब प्रजापति ने निर्धारित राशि का आधा हिस्सा यानी 25 हजार रुपये अब्दुल मुनाफ को दिए, तो ACB की टीम ने रंगे हाथों धर दबोचा। ACB के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अंबिकापुर से रवाना विशेष टीम ने की। मौके पर रिश्वत की राशि बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है, और आगे की जांच जारी है।



