ADD

अंबिकापुर के सत्तीपारा में बिजली खंभे में लगी भीषण आग.. छह से अधिक घरों के उपकरण खाक..

0


अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 27 जनवरी 2026। 

शहर के सत्तीपारा मोहल्ले में प्राथमिक शाला के ठीक पीछे आज मंगलवार की शाम  एक बिजली खंभे में अचानक आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तारों में पटाखा फूटने जैसी तेज स्पार्किंग के साथ आग ने पल भर में भीषण रूप धारण कर लिया। स्पार्किंग के दौरान वोल्टेज में बार-बार उतार-चढ़ाव होता रहा, जिसके चलते आधा दर्जन से अधिक घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। घटना में किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन स्थानीय निवासियों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शी मोहल्ले वासी सोनू गुप्ता, रामचंद्र सिंह ने बताया कि हम लोग शाम को चाय पी रहे थे कि अचानक खंभे से चिंगारियां उड़ने लगीं। आवाज इतनी तेज थी मानो पटाखा फूट रहा हो। हमने तुरंत बच्चों को घर के अंदर भेजा और भागने की सोची, लेकिन धुआं फैलने से सांस लेना मुश्किल हो गया। मेरे घर का फ्रिज और टीवी पूरी तरह जल गए। इसी तरह, प्रभावित निवासी मीना बाई ने बताया कि बिजली विभाग ने गुणवत्ता के साथ मरम्मत नहीं किया। आएदिन  स्पार्किंग होती है, लेकिन कोई ध्यान नहीं देता। मोहल्लेवासियों ने कहा कि यह विद्युत विभाग की घोर लापरवाही है। लुंज-पुंज तार और जर्जर खंभे आए दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं। पिछले छह माह में सत्ती पारा में तीन ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। विभाग को तत्काल सर्वे कर मरम्मत करनी चाहिए। सूत्रों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में पिछले साल बिजली संबंधी 150 से अधिक दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें अधिकांश पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण थीं। विशेषज्ञों का मानना है कि ओवरलोडिंग और मौसमी बदलाव से तारों का गर्म होना आम समस्या है, लेकिन नियमित मेंटेनेंस न होने से यह जानलेवा साबित हो रहा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। 






एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)