अम्बिकापुर।। खबरी गुल्लक ।।
नगर निगम अंबिकापुर के द्वारा शहर के जल उपभोक्ताओं को महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। यदि आप निगम के जल सप्लाई पर आश्रित हैं तो आपके लिए यह जानकारी बहुत जरूरी है । मायापुर पंपिंग स्टेशन में आवश्यक सुधार कार्य के कारण कई प्रमुख पानी टैंकों से जुड़े क्षेत्रों में जल आपूर्ति दो दिनों तक बाधित रहेगी। इससे प्रभावित इलाकों के निवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। जिससे लगभग आधा शहर प्रभावित होगा।
नगर पालिक निगम के अनुसार 11 मार्च 2026 बुधवार को सायंकाल तथा 12 मार्च 2026 गुरुवार को प्रातःकाल और सायंकाल की जल आपूर्ति प्रभावित होगी। विशेष रूप से मायापुर पानी टंकी, केदारपुर पानी टंकी, नमनाकला पानी टंकी-1 एवं 2, मणिपुर पानी टंकी-1 एवं 2 तथा घुटरापारा पानी टंकी से जुड़े क्षेत्रों में यह व्यवधान होगा। इन इलाकों के निवासियों से अपील की गई है कि वे इस दौरान वैकल्पिक जल व्यवस्था का इंतजाम करें।
होनेवाली असुविधा के लिए नगर पालिक निगम ने खेद व्यक्त किया है। आयुक्त डीएन कश्यप ने बताया कि यह सुधार कार्य पंपिंग स्टेशन की दक्षता बढ़ाने और लंबे समय तक विश्वसनीय जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा की गई है।



