सरगुजा पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 चोरी की मोटरसाइकिल जब्त किया है, जिनकी अनुमानित कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। इस अभियान में थाना मणीपुर पुलिस टीम और साइबर सेल की संयुक्त पहल काफी प्रभावी रही।
पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम की शुरुआत 10 अप्रैल 2026 को थाना मणीपुर में हुई, जब शिवम रवानी भगवानपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 9 अप्रैल को जिला अस्पताल अंबिकापुर में इलाज कराने गये थे, लेकिन वापस आकर देखा तो उनकी अपाचे मोटरसाइकिल सीजी/15/डीजेड/9236 वहाँ खड़ी नहीं थी। इस पर थाना मणीपुर में अपराध क्रमांक 71/26, धारा 305(बी) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गयी।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार दोपहिया वाहन चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना मणीपुर एवं साइबर सेल की पुलिस टीम ने गहन पूछताछ व सूचना के आधार पर आदतन चोर दीपक प्रजापति, 23 वर्ष, बरगीडीह, थाना लुन्ड्रा को हिरासत में लिया। उसके मुखबीर सूचना पर दूसरे आरोपी जावेद खान (28 वर्ष), बरगीडीह थाना लुण्ड्रा को भी बुलाकर पूछताछ कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दीपक प्रजापति ने माना कि वह इस वर्ष फरवरी में चांदो–लखनपुर के बाजार से स्प्लेंडर प्लस (सीजी/15/डीवी/8721) चुराकर ले आया था। इसके बाद मार्च में मिशन अस्पताल के पास से स्प्लेंडर प्लस (सीजी/15/सीआर/6905) तथा महामाया चौक के नज़दीक एक अन्य मोटरसाइकिल, जिसका नंबर याद नहीं होना बताया, चोरी की। जिला अस्पताल के मोटरसाइकिल स्टैण्ड से उसने स्प्लेंडर प्लस (सीजी/15/डीजेड/3245) तथा अप्रैल माह में अपाचे (सीजी/15/डीजेड/9236) और स्प्लेंडर प्लस (सीजी/15/डीजी/0603) चोरी की। उसने यह भी बताया कि दो दिन पहले मिशन अस्पताल के सामने स्प्लेंडर प्लस (सीजी/15/डीवी/9580) भी चुराकर अंबिकापुर में छुपाकर रखी थी।
जावेद खान से पूछताछ में उसने अपने कब्जे में रखी अपाचे मोटरसाइकिल को कबूल किया, जिसे पुलिस टीम ने जब्त कर लिया। इस तरह दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 7 मोटरसाइकिल जब्त हुई, जिनकी कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गयी है।
पूर्व से है चोरी का रिकॉर्ड
पूर्व रिकॉर्ड में दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी सहित अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज मिले, जिसके आधार पर इनके खिलाफ धारा 111 बी.एन.एस. के तहत अतिरिक्त आरोपों को जोड़कर मामले को तैयार कर दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी लुन्ड्रा निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अनिल सिंह तथा प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, नरेन्द्र जांगड़े, देवनारायण चौधरी विकास सिन्हा, रजनीकांत मिश्रा, सतीश सिंह, सूरज राय, अजय पाण्डेय, आरक्षक उमाशंकर साहू, रामशंकर यादव, निरंजन बड़ा, मनीष सिंह, अशोक यादव, विकास मिश्रा, अनिल सिंह, रामकेश्वर, अरविन्द, इबनुल खान आदि कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।



