रायपुर।। खबरी गुल्लक ।।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष 10वीं में 77.15 प्रतिशत और 12वीं में 83.04 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। हालांकि, कई छात्रों को परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं मिले। मेरिट में जगह बनाने का सपना देख रहे कुछ विद्यार्थी महज एक-दो अंकों से चूक गए, तो कईयों के कुल अंक अपेक्षाकृत कम रहे। ऐसे छात्रों के लिए मंडल ने पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन और उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
आवेदन की अंतिम तिथि 14 मई
माशिमं के अनुसार, परिणाम जारी होने के 15 दिनों के भीतर, यानी 14 मई तक छात्र तीनों प्रक्रियाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकार किए जाएंगे। मंडल की आधिकारिक वेबसाइट से फॉर्म डाउनलोड कर जिला, तहसील, विकासखंड स्तर की अग्रेषण संस्थाओं में निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। छात्र तीनों सेवाओं, या इनमें से किसी दो या एक के लिए अलग-अलग आवेदन कर सकेंगे।
5% से अधिक वृद्धि मान्य, कमी पर कोई कटौती नहीं
पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन दो विषय विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा। दोनों विशेषज्ञों के दिए गए अंकों का औसत निकाला जाएगा। यदि यह औसत पूर्व प्राप्त अंकों से 5 प्रतिशत या उससे अधिक बढ़ता है, तो नया अंक मान्य होगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि पुनर्मूल्यांकन में अंकों में कमी आने पर पुराने अंक यथावत रहेंगे—कोई कटौती नहीं होगी।
पुनर्गणना में वृद्धि-कमी दोनों मान्य
पुनर्गणना केवल गणना त्रुटियों की जांच के लिए होगी। इसमें अंकों में एक अंक की कमी या वृद्धि दोनों ही मान्य होंगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे सावधानीपूर्वक आवेदन करें, क्योंकि तीनों प्रक्रियाओं के लिए जमा की गई फीस किसी भी स्थिति में वापस नहीं होगी। मंडल ने छात्रों से अपील की है कि वे समयसीमा का लाभ उठाएं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें। अधिक जानकारी के लिए माशिमं की वेबसाइट पर जाएं।



