रायपुर।। खबरी गुल्लक।। 14 अप्रैल 2026।।
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को दोपहर के समय एक भयावह हादसा हो गया। प्लांट के अंदर बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें 9 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी की आशंका जताई है।
हादसा तब हुआ जब प्लांट में सामान्य कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बॉयलर के फटते ही पूरे इलाके में धमाका गूंज उठा और काला धुआं छा गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास की संरचनाएं हिल गईं। घटनास्थल पर अफरा- तफरी मच गई और मजदूर इधर-उधर भागने लगे। तुरंत बाद जिला प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन दल ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। बचाव दल मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटे हैं। प्लांट प्रबंधन ने अभी तक हादसे के कारणों पर चुप्पी साध रखी है, लेकिन प्रारंभिक जांच में बॉयलर में दबाव बढ़ने या रखरखाव की कमी को वजह बताया जा रहा है। सक्ती एसडीएम ने बताया कि हमने प्लांट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
इस हृदयविदारक हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, सक्ती के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट की दुखद घटना पर मैं स्तब्ध हूं। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। घायलों के समुचित इलाज का हर संभव प्रयास किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल राहत कार्य सुनिश्चित करने और जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय लोगों में प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मजदूर यूनियनों ने जांच की मांग की है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। फिलहाल बचाव कार्य जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। खबरी गुल्लक इस घटना की ताजा अपडेट के लिए बनी हुई है।
राहत बचाव कार्य जारी
सक्ति जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर हादसे के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित और समन्वित कार्रवाई करते हुए राहत-बचाव कार्य प्रभावी ढंग से शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की कमान संभाली। प्रशासन ने एम्बुलेंस, चिकित्सा दल और आवश्यक संसाधनों को तत्काल सक्रिय कर घायलों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
कलेक्टर ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रखते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राहत और उपचाहर कार्यों में किसी प्रकार की कमी न हो।
उद्योग मंत्री ने जताया गहरा शोक
वाणिज्य, उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना में जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया है।मंत्री श्री देवांगन ने इस घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट कीं। उन्होंने कहा कि इस हादसे में श्रमिकों की मृत्यु और कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उद्योग मंत्री ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर चर्चा कर जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में प्रशासन की निगरानी में तेजी से राहत कार्य संचालित किया जा रहा है तथा घायलों को त्वरित और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न हो और आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिए त्वरित निर्देश
दुर्घटना पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में श्रमिकों के निधन एवं कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सचिव से चर्चा कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली तथा संचालक स्वास्थ्य सेवाएं एवं आयुक्त चिकित्सा शिक्षा को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मंत्री के निर्देश पर आसपास के क्षेत्रों से एम्बुलेंस एवं चिकित्सा संसाधनों को तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। घायलों के समुचित उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ सहित आसपास के जिलों के अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।



