अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 12 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के सरगुजा में लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला राइस मिल के पास आज 12 अप्रैल रविवार को दोपहर लगभग 2.30 बजे एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। यह हादसा वाहनों की तेज रफ्तार का एक और क्रूर उदाहरण बन गया है। घटना से परिजनों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस हादसे के बाद कार्यक्रम से लौट रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल युवक को तत्काल लखनपुर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों मृतकों आदित्य पिता महेश राम और बाबूलाल पिता भगत राम के शव कब्जे में ले लखनपुर अस्पताल की मर्चुरी में रखा। घायल अमन पिता संतोष सभी थाना दरिमा के छिंदकालो गांव के निवासी हैं। वे ग्राम निम्हा से अपने घर लौट रहे थे तब यह हादसा हुआ।
तेज रफ्तार बनी मौत का कारण
यह घटना अंबिकापुर वासियों को झकझोर गई है। हाल के दिनों में वाहनों की बेकाबू स्पीड के कारण दर्जनों हादसे हो चुके हैं, जिनमें युवाओं की जानें जा रही हैं। सड़कों पर स्पीड लिमिट का उल्लंघन, बिना हेलमेट के लापरवाही। ये कारक मौतों का सिलसिला बढ़ा रहे हैं। लखनपुर पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन सवाल वही पुराना है कब तक चलेगा यह खूनी खेल? प्रशासन को कड़े कदम उठाने होंगे ताकि ऐसी त्रासदियां थम सकें।



