अंबिकापुर ।। खबरी गुल्लक।।
सरगुजा के थाना दरिमा क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर गाली गलौच करते हुए पटवारी प्रकाश मंडल की बेदम पिटाई किए जाने और आर्म्स एक्ट के तहत अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का चापड़ और घटना में प्रयुक्त हेरियर कार भी जप्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक 22 अप्रैल 2026 को लगभग दोपहर 2 बजकर 55 मिनट पर तहसील दरिमा राजस्व निरीक्षण मंडल सोहगा के ग्राम कंठी पटवारी हल्का नं. 3 में पदस्थ पटवारी प्रकाश मंडल अपने कार्यालय में शासकीय कार्य संपादन कर रहे थे, तभी जितेन्द्र कुजूर उर्फ मोनू वहां पहुंचा और आरआई सोहगा से काम करवाने का हवाला देते हुए उनके पास उपयुक्त नंबर मांगा। पटवारी द्वारा आरआई सोहगा का संपर्क नंबर उपलब्ध कराने के बाद भी उसने दबाव डाला कि पटवारी स्वयं अपने मोबाइल से फोन करके उसकी बात आरआई से करवाएं, जिसे पटवारी ने उचित न मानते हुए मना कर दिया और आरोपी को स्वयं फोन करने की सलाह दी।
इस बात से आरोपी जितेन्द्र उर्फ मोनू आवेशित हो उठा और पटवारी को गाली गलौच करने लगा, बाद में झूमाझपटी करते हुए उस पर मुक्कों से हमला किया और कार्यालय में रखी कुर्सी से भी मारपीट की। इसी दौरान उसने जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी कार से लोहे का चापड़ चाकू जैसा हथियार लेकर दौड़ाने लगा।
घटना की शिकायत पर थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 85/26 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 221, 132, 296, 351 (3) तथा 115(2) बी.एन.एस. के तहत आरोप पंजीबद्ध किए गए। इसी दौरान डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा डॉ. राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने पुलिस टीम को मामले में त्वरित कार्यवाही कर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के स्पष्ट निर्देश प्रदान किए, जिसके बाद थाना दरिमा पुलिस टीम एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेन्द्र कुजूर उर्फ मोनू 30 वर्ष निवासी सोहगा खर्रापारा थाना दरिमा को चंद घंटों के भीतर हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का चापड़ तथा हेरियर कार नंबर सीजी‑15‑इए‑1158 को जब्त कर लिया गया। घटना की प्राथमिक जांच में साक्ष्य मिलने पर मामले में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट जोड़कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी जितेन्द्र उर्फ मोनू आदतन अपराधी किस्म का युवक है, जिसके विरुद्ध थाना दरिमा क्षेत्र में कई अपराध प्रकरण पहले से ही दर्ज हैं और उसका नाम गुंडा–बदमाश के रूप में भी दर्ज बताया जा रहा है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक शत्रुधन सिंह के साथ‑साथ साइबर सेल के प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिंह, जयदीप सिंह, आरक्षक जितेश साहू, मनीष सिंह, थाना दरिमा के आरक्षक अखिलेश यादव, सुरेश यादव, भूपेंद्र सिंह, अशोक कुजूर तथा रंजीत गुप्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे।



