ADD

हत्या का फरार आरोपी शेख अयातुल्लाह उर्फ भोलू खान अंबिकापुर के होटल में कमरा लेकर बेच रहा था नशीली दवाएं... संभागीय आबकारी उड़नदस्ता दल की सक्रियता से दबोचा गया, नशे के तीन सौदागर जेल दाखिल

0

अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक ।। 

सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने अंबिकापुर में हत्या का फरार आरोपी शेख अयातुल्लाह उर्फ भोलू खान सहित तीन नशे के सौदागरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसके कब्जे से 1704 नशीले कैप्सूल और 100 नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि भोलू खान अंबिकापुर बस स्टैंड स्थित श्याम लॉज में कमरा लेकर नशीली दवाओं का जाल बिछाए हुए था। 

एक मर्डर केस में फरार चल रहे शेख अयातुल्लाह उर्फ भोलू खान की तलाश सरगुजा पुलिस को लंबे समय से थी। आबकारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मुताबिक वह सरगुजा के कई इलाकों में नशीले इंजेक्शन, कैप्सूल व कफ सीरप की आपूर्ति करता था और नंबर बदल‑बदलकर पुलिस की पकड़ से बाहर रहता था। 

सूचना मिलने के बाद सरगुजा आईजी दीपक झा के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने साइबर टीम की मदद से भोलू खान के मोबाइल नंबर का लोकेशन ट्रैक किया, जो अंबिकापुर के श्याम लॉज के आसपास दिखा। इसके बाद टीम ने श्याम लॉज में दबिश देकर भोलू खान को धर‑दबोचा। सीतापुर क्षेत्र से नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर भोलू खान भी पकड़ा गया। 

रंजीत गुप्ता ने बताया कि 17 अप्रैल 2026 की रात को मुखबिर की सूचना पर सीतापुर के  महेशपुर  के कुम्हारपारा में आबकारी टीम ने गौतम बनवासी और जगजीवन प्रजापति नाम के दो आरोपियों को दबोचा। इनके पास से 1704 नग नशीली कैप्सूल बरामद किए गए। दोनों ने पूछताछ में बताया कि यह नशीली गोलियां वे भोलू खान से खरीदते हैं, जो अंबिकापुर के श्याम लॉज में रहकर नशीले इंजेक्शन व कैप्सूल की सप्लाई करता है। 

18 अप्रैल को सुबह श्याम लॉज में दबिश के दौरान भोलू खान के कब्जे से 50 नग REXOGESIC इंजेक्शन और 50 नग AVIL इंजेक्शन भी जब्त किए गए। तीनों आरोपियों गौतम बनवासी, जगजीवन प्रजापति और शेख अयातुल्लाह उर्फ भोलू खान को NDPS एक्ट की धारा 21‑C, 22‑C व 29 के तहत गिरफ्तार कर अंबिकापुर न्यायालय में रिमांड लेकर जेल भेज दिया गया। 

मोबाइल नंबर बदल बदल कर छुप रहा था भोलू खान 

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि भोलू खान पिछले कुछ समय से मोबाइल नंबर बदल‑बदलकर छिपता रहा था, लेकिन कल मिली सटीक सूचना के बाद उसे पकड़ने में टीम को सफलता मिली। उन्होंने यह भी बताया कि भोलू खान ने अपने मेमोरेंडम में माना कि वह एक हत्या केस में फरार चल रहा है। 

कार्रवाई में यह रहे सक्रिय 

 कार्रवाई में साइबर टीम के अमित निकुंज, मुख्य आबकारी आरक्षक अशोक सोनी, रमेश दुबे, कुमारूराम, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, महिला सैनिक चंद्रावती और नीरज चौहान की अहम भूमिका रही। विभाग का कहना है कि भोलू खान की गिरफ्तारी से सरगुजा के नशीली दवाओं के कारोबार पर बड़ा झटका लगा है।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)