अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
शहर के प्रतिष्ठित सनराइज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रिजल्ट डे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर शाला और कक्षा में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अव्वल छात्रों को सम्मान पत्र, ट्रॉफी और पुरस्कार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
संस्था के संचालक मोहम्मद एफडी खान का हृदयस्पर्शी और प्रेरक भाषण प्रमुख आकर्षण रहा। उन्होंने कहा कि बच्चों सफलता कोई संयोग नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प का फल है। आज आपने जो ऊंचाइयां छुई हैं, वे आपके सफर की शुरुआत मात्र हैं। कठिनाइयों से घबराना नहीं, बल्कि उन्हें सीढ़ी बनाकर आगे बढ़ना। याद रखें, हर बड़ा सपना छोटे-छोटे कदमों से ही साकार होता है। आपका भविष्य उज्ज्वल है, बस विश्वास रखें और कभी हार न मानें। उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि शिक्षा ही वह प्रकाश है जो अंधेरे को दूर कर जीवन को दिशा देती है। सनराइज स्कूल का हर बच्चा एक हीरा है, जो पॉलिश से और चमक उठेगा।
संस्था के प्राचार्य ने बताया कि इस वर्ष रिजल्ट में 99.5 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों ने सफलता पाई।



