अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 1 मई 2026
अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ सरगुजा ने शहर के हृदय स्थल माता राजमोहिनी देवी भवन में एक अनूठा और भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया। जिला संयोजक रविंद्र गुप्त भारती की कुशल अगुआई में हुए इस आयोजन में सैकड़ों श्रमिक भाई बहनों का पैर धुलाकर, शाल ओढ़ाकर, श्रीफल भेंटकर उनका हार्दिक सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर मंजूषा भगत और सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा लोहे के औजारों की पूजा-अर्चना से हुआ। लोहे के औजार, जो श्रमिकों के जीवन का अभिन्न अंग हैं, इनकी पूजा कर आयोजकों ने मजदूर वर्ग की गरिमा को प्रतिपादित किया। इसके बाद अतिथियों ने श्रमिकों के चरण धोए, जो नम्रता और सेवा भाव का प्रतीक था। संयोजक रविंद्र गुप्त भारती, उनकी पत्नी एमआईसी सदस्य अनीता रविंद्र गुप्त भारती, प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारी आकाश गुप्ता, दीपक गर्ग, पार्षद मनोज गुप्ता, रविकांत उरांव, प्रियंका चौबे, शैलेष सिंह, भाजपा नेता अरुणा सिंह, विनोद हर्ष, संतोष दास, अभिषेक, शैलेंद्र शर्मा, सत्यम साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने श्रमिकों का पैर धोया। मंच पर श्रमिकों को बैठाकर साफा पहनाया गया और सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।
महापौर मंजूषा भगत ने कहा श्रमिक ही राष्ट्र के आधार
मुख्य अतिथि महापौर मंजूषा भगत ने अपने संबोधन में कहा कि श्रमिक हमारे देश की रीढ़ हैं। बिना उनके पसीने के न तो इमारतें खड़ी होतीं, न सड़कें बनतीं। आज का यह कार्यक्रम भाजपा की उस सोच को दर्शाता है जो झुग्गी- झोपड़ी के निवासियों को मुख्यधारा से जोड़ना चाहती है। मैं आश्वासन देती हूं कि नगर निगम श्रमिकों की हर समस्या का समाधान करेगा। उनके उद्गारों पर श्रमिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिक्रिया दी।
सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने कहा सेवा ही भाजपा का मूलमंत्र
सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने भावुक स्वर में कहा कि पैर धोना केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प है। मजदूर दिवस हमें याद दिलाता है कि हिंदुस्तान का हर ईंट-तकला इन श्रमिकों के हाथों से बना है। भाजपा सरकार ने श्रमिकों के लिए पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान कार्ड जैसी कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। सरगुजा में भी झुग्गी-झोपड़ियों को पक्के मकान में तब्दील करने का अभियान तेज होगा। हम सबको मिलकर इन बंधुओं का उत्थान करना होगा।
संयोजक रविंद्र गुप्त भारती ने कहा एकजुट मजबूत भारत
कार्यक्रम के संयोजक रविंद्र गुप्त भारती ने कहा कि झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ का गठन ही इस उद्देश्य से हुआ है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा जाए। आज के सम्मान से श्रमिक बंधु प्रेरित होंगे। प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता हर गांव- बस्ती में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करेंगे। उनकी धर्मपत्नी अनीता गुप्त भारती ने महिल श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं घर और बाहर दोनों जगह श्रम करती हैं। उन्होंने महिला आरक्षण पर कांग्रेस सहित विपक्ष के रोड़ा पर भी जमकर वार करते हुए कहा कि विपक्ष महिला सशक्तिकरण विरोधी है।
प्रदेश पदाधिकारियों ने इस पर दिया जोर
प्रदेश पदाधिकारी आकाश गुप्ता ने उद्बोधन में कहा कि मजदूर दिवस केवल छुट्टी का दिन नहीं, बल्कि संघर्ष का प्रतीक है। भाजपा ने कोविड काल में श्रमिकों को भोजन, मास्क और सहायता पहुंचाई। अब आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत इन्हें उद्यमी बनाना हमारा लक्ष्य है। दीपक गर्ग ने कहा कि सरगुजा के श्रमिकों की समस्याएं जैसे आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य का समाधान प्राथमिकता से होगा।
इन अतिथियों ने भी किया संबोधित
पार्षद मनोज गुप्ता ने कहा कि शहर की झुग्गियों में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए हम प्रयासरत हैं। रविकांत उरांव ने आदिवासी श्रमिकों का जिक्र करते हुए कहा जन धन योजना से इन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। प्रियंका चौबे, शैलेष सिंह ने महिलाओं और युवा श्रमिकों के सशक्तिकरण पर बल दिया। भाजपा नेता अरुणा सिंह ने कहा कि मोदी जी की अगुआई में श्रमिक कल्याण का नया युग आया है। विनोद हर्ष, संतोष दास, अभिषेक, विकास गुप्ता , शैलेंद्र शर्मा और सत्यम साहू ने भी श्रमिकों को प्रेरित करते हुए कहा कि भाजपा उनका सच्चा साथी है। श्रमिकों ने भोज के साथ कार्यक्रम समाप्ति पर संयोजक रविंद्र गुप्त भारती का आभार माना।








