अंबिकापुर।खबरी गुल्लक
मुख्य न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय श्री रमेश सिन्हा द्वारा 29 अगस्त को जिला न्यायालय अंबिकापुर का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल राजनीश श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अंबिकापुर श्री शक्ति सिंह राजपूत सहित जिला अंबिकापुर, सरगुजा के अन्य न्यायिक अधिकारी, कलेक्टर अजीत वसंत एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। मुख्य न्यायाधीश द्वारा जिला न्यायालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण करते हुए मालखाना, रिकॉर्ड रूम, नजारत, प्रतिलिपि शाखा सहित विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया गया। इसके साथ ही जिला न्यायालय में संचालित विभिन्न न्यायालय कक्षों का भी निरीक्षण किया गया तथा न्यायालयीन कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायाधीश द्वारा न्यायालय परिसर एवं विभिन्न शाखाओं में उचित रख-रखाव सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने न्यायालयीन कार्यों के सुचारू एवं प्रभावी संचालन तथा न्यायालय परिसर में उपलब्ध सुविधाओं के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया। मुख्य न्यायाधीश ने न्यायालयीन कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी कार्य संबंधी समस्याओं एवं कठिनाइयों की जानकारी ली तथा उनके यथासंभव शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कर्मचारियों से संवाद के दौरान न्यायालयीन कार्यों के सुचारू संचालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि लगभग 10 दिवस पूर्व श्री रमेश सिन्हा मुख्य न्यायाधीश उच्च न्यायालय द्वारा जिला न्यायालय अंबिकापुर के प्रस्तावित नवीन भवन का वर्चुअल माध्यम से भूमिपूजन किया गया था। निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायाधीश द्वारा संबंधित अधिकारियों को नवीन न्यायालय भवन के निर्माण कार्य को शीघ्रतापूर्वक प्रारंभ कर पूर्ण किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।




