अंबिकापुर।खबरी गुल्लक
कार्मेल स्कूल, अंबिकापुर में आयोजित सांस्कृतिक सप्ताह 2026 के तीसरे दिन “रचनात्मक लेखन एवं नृत्य-नाट्य दिवस” का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। पूरे दिन विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कला और मंचीय प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम के अंतर्गत बालकों के लिए रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही मंच पर विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य, गरबा, भांगड़ा, समूह नृत्य, माइम, स्किट तथा नृत्य-नाटिका जैसी विविध प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कीं। दिनभर चले इन मंचीय कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, अभिनय-कौशल और नृत्य-कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रत्येक प्रस्तुति ने दर्शकों में उत्साह और आनंद का संचार किया। कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में श्रीमती अंशिका गुप्ता एवं श्रीमती रुचि गुप्ता उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए उनके प्रयासों एवं प्रतिभा की सराहना की।




