बलरामपुर/ रामचंद्रपुर। खबरी गुल्लक
ग्राम कुम्हीयापारा संकुल अंतर्गत कृष्णा नगर धमनी विकासखण्ड रामचंद्रपुर में पदस्थ सहायक शिक्षक जयकरण सिंह जगते की आज प्रातः लगभग साढ़े नौ बजे विद्यालय जाने के समय निर्मम हत्या हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि घटना तब हुई जब वह अपनी मोटरसाइकिल से स्कूल जा रहे थे। अचानक उनके गले पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। संभवतः फरसा से उनकी हत्या की गई। घटना की शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतक जयकरण सिंह जगते ग्राम कुम्हीयापारा, धमनी निवासी थे और वे पूर्व में सैन्य सेवा से रिटायर हुए थे। वे वर्तमान में प्राथमिक शाला कुम्हीयापारा संकुल कृष्णानगर में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि हत्या का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच में ही सटीक कारण स्पष्ट होगा।
मृतक के शव के पास उनके परिजन और गांववासी इकट्ठा हो गए। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। शव को प्राथमिक जांच के बाद चीरघर भेज दिया गया है। घटना की सूचना पाते ही ग्रामीण और विद्यालय के सहयोगी मौके पर पहुंचे तथा हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि शव के पास से मिली प्रारम्भिक प्रमाणों से धारदार हथियार से हत्या की संभावना है। इस मामले में पुलिस द्वारा एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि आक्रोशित ग्रामीणों के द्वारा संदेही रिश्तेदार का घर जला दिया गया है।
शिक्षक संघ ने निष्पक्ष जांच व कठोर सजा की मांग
शालेय शिक्षक संघ ने इसे घोर निन्दा की घटना करार देते हुए कड़ी भर्त्सना की है। जिला अध्यक्ष उपेन्द्र कुमार सिंह ने शासन-प्रशासन से निष्पक्ष व त्वरित जांच कराकर हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग उठायी। अपील की है कि एक पूर्व सैनिक और शिक्षक के सम्मान की रक्षा की जाए और मृतक के हत्यारे के पक्ष में कोई अधिवक्ता पैरवी न करें। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो संघ और अधिवक्ता मिलकर न्याय की निगरानी करेंगे।




