बंगलूरू।खबरी गुल्लक
बंगलूरू में एक महिला के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में फ्लिपकार्ट के डिलीवरी एजेंट विजय मल्लिकार्जुन कामत को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पार्सल देते समय महिला के घर आया था। महिला घर पर अकेली थी और पार्सल मिलने के बाद आरोपी ने शौचालय इस्तेमाल करने की इजाजत मांगी। महिला ने कई बार मना किया और पड़ोसी के घर जाने की सलाह दी, पर आरोपी जूते-चप्पल उतारकर जबरन फ्लैट में प्रवेश कर गया।
पीड़िता ने बताया कि शौचालय से बाहर आने पर आरोपी ने अपने प्राइवेट पार्ट दिखाकर अश्लील हरकत की। महिला ने घटना का वीडियो भी बनाया जिसमें आरोपी की पैंट की जिप खुली दिखाई दे रही है। इसके बाद महिला गहरे सदमे में चली गई और उसने सोशल मीडिया पर रोते हुए एक वीडियो साझा कर अपनी बात रखी। उसने कहा कि अपने ही घर में उसे अपमानित और असुरक्षित महसूस हुआ और उसकी गरिमा को ठेस पहुंची है। फ्लिपकार्ट ने आरोपी को सेवा से तुरंत बर्खास्त करने की जानकारी दी और कहा कि कंपनी पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेगी। कंपनी ने बयान में कहा, हम ग्राहक की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं कर सकते।
पीड़िता ने सवाल उठाए कि फ्लिपकार्ट और मिंत्रा जैसे प्लेटफॉर्म किस तरह के डिलीवरी एजेंट रखते हैं और क्या उनकी वेरिफिकेशन प्रक्रिया पर्याप्त है। उसने कहा कि डर के कारण उसने मोबाइल का कैमरा ऑन रखकर दरवाजा खुला छोड़ा ताकि जरूरत पड़ने पर बाहर निकलकर मदद मांग सके।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। मामले से जुड़ी कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच से मिलने वाली जानकारी के बारे में अपडेट दी जाएगी।




