रायगढ़।। खबरी गुल्लक
अंबेडकर नगर के आईटीआई कॉलोनी में बुधवार रात एसी का कंप्रेसर फटने से करीब 2:30 बजे एक तेज धमाका हुआ, जिससे एक घर में आग फैल गई; आग में पुरुषोत्तम पटेल 45 की मौके पर ही मौत हो गई और उनका बेटा राजबीर 19 गंभीर रूप से झुलस गया। राजबीर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पड़ोसियों ने मीडिया को बताया कि परिवार ने राजबीर का 19वां जन्मदिन मनाकर सोया हुआ था। उसी दौरान जोरदार धमाके की आवाज आयी और घर से धुआं- आग निकलती देख लोग बाहर निकले। आसपास के लोगों ने बिजली की मुख्य आपूर्ति काटकर पानी से आग बुझाने का प्रयास किया और बाद में घर के अंदर जाकर दोनों को बाहर निकाला। पुरुषोत्तम को मृत पाया गया जबकि राजबीर को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
दोपहिया के साथ घरेलू सामान खाक
आग से दो दोपहिया वाहन समेत कई घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विंडो एसी के कंप्रेशर के फटने से ही यह भयंकर हादसा हुआ, जिसके कारण तेज धमाका हुआ और आग लग गई।
सावधानी बरतने अपील
चक्रधर नगर थाने के अधिकारी दुर्घटना की सही जानकारी का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम तथा विद्युत विशेषज्ञ की मदद ले रहे हैं। परिजनों और पड़ोसियों के बयानों दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए पुरानी या खराब एसी इकाइयों का समय पर निरीक्षण व मरम्मत कराएं और बिजली से जुड़े उपकरणों को रात में अनप्लग न छोड़ें। पूर्व में भी इस तरह की घटना हो चुकी है।




