अंबिकापुर ।।खबरी गुल्लक।।
धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में थाना गांधीनगर पुलिस ने आरोपी शिवशंकर दास को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक शिक्षिका सहित कुल दस लोगों को झांसा देकर करीब 3 करोड़ रूपये से अधिक की ठगी की है। अकेली शिकायतकर्ता से ही लगभग 28 लाख रूपये की ठगी हुई है।
पुलिस ने बताया कि 12 मई 2026 को प्रार्थी दिव्या एक्का पत्नी पंकज लकड़ा निवासी सरगवां ने गांधी नगर में शिकायत दर्ज कराई कि वह राजपुर ब्लॉक में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं और जुलाई 2024 में जमीन खरीदकर घर बनवाने के उद्देश्य से करीब 15 लाख रुपये का लोन लेने की सोच रही थीं। इस सिलसिले में उन्होंने अपने जीजा से परामर्श किया। जीजा ने एक ऐसे परिचित का उल्लेख किया जो लोन दिलाने का काम करता है और बाद में वह व्यक्ति दिव्या के घर पहुंचा तथा स्वयं को अनशिवआर्या फाउण्डेशन ग्रुप से संबंध रखने वाला बताया और समूह के संचालक को आरोपी शिवशंकर दास निवासी चंगोरी बरियों, जिला बलरामपुर के रूप में प्रस्तुत किया।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार आरोपी व उसके सहयोगियों ने पीड़िता को विश्वास में लेने के लिए कई लोगों के फाइल और दस्तावेज व्हाट्सएप व भौतिक रूप में दिखाकर यह आश्वासन दिया कि समूह की विशेष स्कीम के तहत बैंक से लोन आसानी से उपलब्ध कराया जाएगा। आरोपी ने पीड़िता से पैन, आधार, फॉर्म 16, सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट व अन्य आवश्यक दस्तावेज व्हाट्सएप के माध्यम से ले लिए। पीड़िता बैंक ऑफ इंडिया के फार्म पर ही हस्ताक्षर करने गई थीं, जांच में सामने आया कि आरोपी के निर्देश एवं उसके नेटवर्क के माध्यम से आईसीआईसीआई बैंक से 15 लाख, बैंक ऑफ इंडिया से 13.40 लाख तथा एचडीएफसी बैंक से 12.68 लाख कुल लगभग 41.08 लाख रुपये के लोन स्वीकृत कराकर पीड़िता के खाते में ट्रांसफर करा दिए गए। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को अलग-अलग खातों में कुल करीब 28 लाख रुपये हस्तांतरित कराकर धोखाधड़ी की। आरोपी की कंपनी के माध्यम से इसी तरह अन्य नौ लोगों को भी झांसा देकर कुल मिलाकर लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई है।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण की विवेचना के दौरान पीड़िता का बयान दर्ज किया गया तथा आरोपी शिवशंकर दास को धारा 35(1)(बी),(2) बीएनएसएस के नोटिस भेजे गए, जिनका उसने पालन नहीं किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह क्रेशर का संचालन करता है और कुछ क्रेशर किराए पर लेकर भी चलाता रहा है। क्रेशर में हुए नुकसान के कारण उसे पैसों की आवश्यकता बताकर उसने अनशिवआर्या फाउण्डेशन ग्रुप के नाम पर फर्जी स्कीम रचीं और धोखधड़ी की। आरोपी ने बताया कि कुछ किश्तें उन्हीं पैसों से चुकाई भी गईं, परन्तु समय पर किश्त न भर पाने के कारण स्थिति और बिगड़ी। पुलिस ने कहा कि डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक सरगुजा के दिशा-निर्देश पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपी शिवशंकर दास पिता राजू दास 40 वर्ष निवासी किशुनपुर थाना धौरपुर, जिला सरगुजा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सउनि अभिषेक दुबे, आरक्षक दीनदयाल सिंह, सुल्तान अहमद समेत अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।




