ब्रेकिंग: सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 1 जून से प्रदेशव्यापी कलमबंद, कामबंद सामूहिक अवकाश पर रहेंगे तहसीलदार व नायब तहसीलदार

ब्रेकिंग: सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 1 जून से प्रदेशव्यापी कलमबंद, कामबंद सामूहिक अवकाश पर रहेंगे तहसीलदार व नायब तहसीलदार

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक।।

उप तहसील राजापुर  मैनपाट  में पदस्थ नायब तहसीलदार  कार्यपालिक मजिस्ट्रेट  तुषार मानिक के साथ शासकीय कार्य के दौरान  घटित मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा की गंभीर घटना के खिलाफ  मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने गहरा रोष  व्यक्त किया है। संघ का कहना है कि यदि कर्तव्य निर्वहन कर रहे एक न्यायालयीन अधिकारी एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के साथ  इतनी गंभीर घटना में आरोपी सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित नहीं होती है, तो इससे प्रदेशभर के अधिकारियों का मनोबल प्रभावित होगा तथा निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्यवाही करने वाले अधिकारियों के समक्ष भय एवं दबाव का वातावरण निर्मित होगा। आंदोलन से न सिर्फ सरगुजा बल्कि प्रदेश भर में राजस्व विभाग का कामकाज ठप हो जाएगा। 

संघ द्वारा बताया गया कि  27 मई 2026 को उप तहसील राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट  तुषार मानिक अपने न्यायालयीन एवं राजस्व दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट एवं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की गंभीर घटना घटित हुई। संघ के अनुसार यह घटना केवल एक अधिकारी के साथ हुई व्यक्तिगत घटना नहीं है, बल्कि संपूर्ण राजस्व प्रशासन, न्यायालयीन व्यवस्था एवं विधिसम्मत प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गरिमा पर सीधा आघात है।घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ द्वारा दिनांक 29 मई 2026 को प्रदेशव्यापी सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया गया था तथा शासन एवं प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई थी। इसके बावजूद आज दिनांक तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं होने से प्रदेश के राजस्व अधिकारियों एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों में गहरा आक्रोश एवं असंतोष व्याप्त है। कल 1 जून को प्रदेश स्तर पर नायब तहसीलदार और तहसीलदार  के द्वारा काम बंद कलम बंद हड़ताल किया जाएगा। अपने अपने जिले व संभाग मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि उक्त घटना के विरोध में प्रदेश के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों द्वारा भी खुलकर समर्थन व्यक्त किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ द्वारा निंदा एवं समर्थन प्रस्ताव पारित करते हुए घटना की कड़ी भर्त्सना की गई है तथा शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई है। इसी प्रकार राजस्व पटवारी संघ, छत्तीसगढ़ द्वारा भी घटना की तीव्र निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कार्यवाही की मांग की गई है तथा छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की मांगों का पूर्ण समर्थन व्यक्त किया गया है।  संघ ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों द्वारा प्राप्त यह व्यापक समर्थन इस बात का प्रमाण है कि यह केवल एक अधिकारी का विषय नहीं है, बल्कि संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था, विधिसम्मत कार्यप्रणाली एवं शासकीय सेवाओं की गरिमा से जुड़ा हुआ विषय है।



 छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की समस्त जिला कार्यकारिणियों द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार दिनांक 01 जून 2026 से प्रदेश के समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अनिश्चितकालीन कलमबंद, कामबंद एवं सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूर्णतः शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से लिया गया है तथा यह तब तक प्रभावशील रहेगा जब तक कि घटना में सम्मिलित मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं हो जाती। संघ ने शासन से पुनः आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल प्रभाव से दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा राजस्व अधिकारियों एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वतंत्र कार्यप्रणाली की रक्षा हेतु प्रभावी कदम उठाए जाएं। संघ ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि समय रहते आवश्यक कार्यवाही नहीं की गई, तो प्रदेशभर में राजस्व, न्यायालयीन एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रदेश और जिला अध्यक्ष ने कहा कि जबतक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती आंदोलन जारी रहेगा। 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)