मैनपाट।खबरी गुल्लक। महेश यादव
सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित तिब्बती कैंप क्रमांक 2 के समीप घुनघुटा पुल पार करते समय तेज बहाव में बहे युवक का दूसरे दिन रविवार को आज करीब डेढ़ किमी की दूरी पर झाड़ियों पर फंसा शव पाया गया। SDRF की टीम के द्वारा सुबह से ही अभियान चलाया गया था। नदी में पानी कम होने पर बारीकी से पड़ताल की गई और ढूंढने में सफलता मिली। मृतक का नाम यदु कृष्ण 25 वर्ष बताया जा रहा है। विदित हो कि शनिवार 30 अगस्त 2026 को युवक, एक युवती के साथ मोटर साइकिल से मैनपाट घूमने के लिए आया हुआ था। शनिवार को मैनपाट में झमाझम बारिश हुई थी,जिससे पहाड़ी नदी नाले उफान पर थे। घुनघुटा पुल पर भी पानी करीब एक फीट ऊपर से पानी बह रहा था। युवक ने खतरा के बाद भी लापरवाही पूर्वक युवती को बाइक में बैठा पुल पार करने की कोशिश करने लगा,वह बीच में भी नहीं पहुंच पाया था तभी तेज बहाव में बाइक समेत दोनों बह गए थे। शोर सुन एक युवक द्वारा युवती की जान बचाई गई थी जबकि युवक का पता नहीं चल सका था। सूचना पर मैनपाट पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को थाने ले जाने के बाद पूछताछ की तो युवती ने अपना नाम गौरी नंदन 22 वर्ष और युवक का नाम यदु कृष्ण बताया था। युवती इस घटना से सदमे में थी। इधर पुलिस ने बहे युवक को ढूंढने प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिल पाई थी, शाम हो जाने से रेस्क्यू रोका गया था।दूसरे दिन रविवार को आज सुबह SDRF अंबिकापुर की टीम ने अभियान चलाया और बहे युवक का शव बरामद किया गया। मृतक ,और युवती केरल के बताए जा रहे हैं। रायपुर में दोनों पढ़ाई कर रहे थे।




