गौरी संग ब्याह रचा वापस "कैलाश" लौटे भोलेनाथ ... आशीर्वाद समारोह प्रीति भोज में गिफ्ट ले उमड़े श्रद्धालु... बम बम भोले, मां गौरी के जयकारे से गूंजा शहर.. देखें तस्वीरें व वीडियो ....
मार्च 09, 2024
0
अंबिकापुर। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में सहेली गली केदारपुर स्थित शिव मंदिर से भोलेनाथ की बाजे गाजे के साथ अनोखी बारात के साथ पुलिस लाइन स्थित मां गौरी मंदिर में शिव - गौरी का धार्मिक अनुष्ठान पूरे रीति रिवाज के अनुसार संपन्न होने के बाद आज दूसरे दिन मायका में दुल्हे शिव को देखने लोग गिफ्ट लेकर आते रहे, दोपहर बाद आरती के साथ मां गौरी की विदाई हुई। भोलेनाथ , गौरी को साथ ले निकले और बारात की शिव धाम (मंदिर) में वापसी के बाद रस्मों रिवाज के साथ मां गौरी का गृह प्रवेश हुआ। शिव , गौरी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। शाम सात बजे भव्य आरती, संखनाद के बीच बम बम भोले , गौरी माता की जय के नारों से समूचा शहर गुंजायमान हो उठा। शिव मंदिर परिसर में प्रीति भोज के रूप में वृहद भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने शामिल हो भंडारा प्रसाद ग्रहण किया। इसके पूर्व महा शिवरात्रि पर्व के दिन मां गौरी मंदिर में जैसे ही भोले नाथ की बारात पहुंची अथाह जन सैलाब उमड़ पड़ा। फूल मालाओं और पान से बारातियों का स्वागत करने के बाद द्वारपूजन का अनुष्ठान किया गया। इधर गौरी मंदिर में विवाह गीत में महिलाओं की भीड़ झूमती रही। मंदिर में शिव गौरी विवाह की रस्में पूरी होने के साथ आशीर्वाद समारोह का भी रस्म हुआ। वर व वधू पक्ष का गिफ्ट लेकर तांता लगा रहा। भीड़ को देखते हुए एएसपी पुपलेश कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रही। यातायात के साथ पुलिस के भी जवान यातायात व्यवस्था बनाने मशक्कत करते रहे। शिव बारात में पिछले वर्षों की तुलना में इस बार कई गुना अधिक भीड़ रही। एक अनुमान के तहत बाराती के रूप में पांच हजार से अधिक लोग शामिल हुए। विदित हो कि श्री शिव शंकर कीर्तन मंडली सहेली गली केदारपुर प्रतापपुर नाका के द्वारा पिछले 44 वर्षो से शहर में बकायदा शादी की कार्ड छपवा शिव मंदिर और विवाह का अनूठा आयोजन किया जा रहा है। आयोजन से शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।




