ADD





ईंट भट्टे के खोदे गए गढ्ढे में लबालब भरा था पानी... नहाने गए 10 साल के दो बच्चों की हो गई जल समाधि...

0

अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 26 अगस्त 2025।।

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठे संचालित करने के लिए बनाए गए गढ्ढे में भरे पानी में नहाने के दौरान दस साल के दो बच्चों की जल समाधि हो गई। यह घटना आज मंगलवार को अपराह्न करीब तीन बजे हुई।  बच्चे स्कूल की छुट्टी होने पर  गांव आए थे और दोपहर में नहाने के लिए वहां  गये थे।   घटना की सूचना  पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को मर्ग पंचनामा उपरान्त मर्च्युरी में रखवाया गया है। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक थाना अंतर्गत ग्राम कोरजा निवासी 10 वर्षीय रविशंकर सिंह आ. लोचन सिंह गोंड  व 9 वर्षीय अनुराग सिंह आ. संतोष सिंह गोंड जमगला में हास्टल में रहकर कक्षा चौथी की पढ़ाई करते थे। दो दिन पहले छुट्टी होने पर दोनों बच्चे अपने गांव आए हुए थे। मंगलवार की दोपहर 3.30 बेज मृतक रविशंकर सिंह, अनुराग सिंह अपने एक अन्य दोस्त के साथ गांव में बने डबरी में नहाने के लिए गए हुए थे। उक्त डबरी का निर्माण ईंट भट्ठे के संचालन हेतु किया गया है और लगतार हो रही बारिश के कारण डबरी लबालब भरा हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि नहाने के लिए डबरी में उतरे बच्चे गहरे पानी के कारण डूब गए जबकि उनका दोस्त डरकर वहां से भाग निकला। इस दौरान बच्चे ने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। देर शाम तक बच्चे जब घर नहीं आए तो उनमें से एक बच्चे का दादा उन्हें खोजने के लिए निकला और जब वह डबरी के समीप पहुंचा तो वहां उनके कपड़े पड़े हुए थे। ग्रामीण फिर से घर पहुंचा तो घर में बच्चे नहीं थे ऐसे में आशंका हुई कि बच्चे पानी में डूब गए है। इस घटना की सूचना सरपंच ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने डबरी से दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा शवों को मर्च्युरी में रखवाया गया है और बुधवार को पीएम उपरान्त शव परिजन के सुपुर्द किया जाएगा। बड़ी बात यह है कि गांव में अवैध रूप से गमला ईंट भट्ठा का संचालन किया जा रहा है और उसके लिए ही इस गड्ढे को खोदा गया था जिसमें डूबकर मासूम बच्चों की जान चली गई।  थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि नहाने के दौरान डूबने से दोनों बच्चों की मौत हुई।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)