बलरामपुर।। खबरी गुल्लक।।(उत्तम सरकार)।।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिला मुख्यालय में पुलिस हिरासत के दौरान एक चोरी के आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला सामने आने के बाद जिला अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने एक सप्ताह पहले बलरामपुर स्थित एक ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी के मामले में कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। इन्हीं में से एक आरोपी उमेश सिंह को पुलिस चोरी के जेवर बरामद करने के लिए सीतापुर लेकर गई थी। बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब 4 बजे पुलिस आरोपी को लेकर बलरामपुर लौट रही थी, तभी रास्ते में उमेश सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस टीम उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मृतक उमेश सिंह सिकल सेल बीमारी से पीड़ित था। उसकी मौत की सूचना परिजनों को दे दी गई है। उमेश सिंह सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नकना का निवासी था। मृतक के शव को बलरामपुर जिला अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अस्पताल परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
बीमारी से हुई मौत
इस संबंध में बलरामपुर एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि उमेश सिंह चोरी का आरोपी था। पुलिस उसे सीतापुर से ले वापस लौट रही थी। बलरामपुर पहुंचते ही उसकी तबियत अधिक बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उमेश सिंह सिकल सेल से पीड़ित था। पिछले एक साल में वह 10 बार अस्पताल में भर्ती हुआ,जबकि 2 बार रक्त भी चढ़ाया गया था।



