अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।।
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में आज 25 नवंबर 2025 को मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण को लेकर एक अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सहप्रभारी सुश्री जरीता लैतफलांग ने संयुक्त रूप से की। इस समीक्षा बैठक में लोकसभा, विधानसभा एवं ब्लॉक प्रभारी, सहप्रभारी, मंडल अध्यक्ष और कांग्रेस के सभी सांगठनिक ब्लॉकों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में टीएस सिंहदेव ने कहा कि वर्तमान मतदाता सूची त्रुटिपूर्ण है और इसमें सुधार आवश्यक है, लेकिन इस प्रक्रिया की जवाबदेही पूरी तरह मतदाताओं पर डाल देना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने के दौरान कई प्रक्रियागत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके निवारण के लिए अतिरिक्त समय और सरल व्यवस्था दी जानी चाहिए। सिंहदेव ने यह भी दावा किया कि सूत्रों के अनुसार, कुछ चिन्हांकित मतदाताओं के नाम जानबूझकर सूची में नहीं जोड़े जा रहे हैं। एक विशेष राजनीतिक दल को इस प्रक्रिया में अनुचित संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर स्तर पर सतर्क रहने और सभी योग्य मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने के लिए अभियान चलाने का आह्वान किया।
किसानों को sir की प्रक्रिया मालुम नहीं - जरीता
सहप्रभारी सुश्री जरीता लैतफलांग ने अपने सरगुजा दौरे के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कई धान खरीदी केंद्रों पर किसानों को गणना प्रपत्र ही नहीं मिले हैं। कटाई के व्यस्त मौसम में बीएलओ तक पहुंचना भी किसानों के लिए कठिन रहा है। उन्होंने कहा कि कई किसानों को SIR प्रक्रिया की जानकारी तक नहीं है। लैतफलांग ने कार्यकर्ताओं से ऐसे मतदाताओं तक पहुंचने और उनका नाम सूची में जोड़वाने की अपील की।
टीएस सहित वरिष्ठ कांग्रेसियों को सौंपे गए बूथों की जिम्मेदारी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सरगुजा जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने जिले के सभी प्रमुख नेताओं को उनके-अपने बूथों पर SIR प्रक्रिया के निरीक्षण और सहयोग की जिम्मेदारी दी है। इसमें पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को अम्बिकापुर विधानसभा के बूथ संख्या 128 की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत सीतापुर विधानसभा के बूथ क्रमांक 195, आदित्येश्वर शरण सिंहदेव को केशवपुर बूथ क्रमांक 28, पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की को बूथ क्रमांक 46 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार अजय अग्रवाल (बूथ 156), जेपी श्रीवास्तव (बूथ 87), शफी अहमद (बूथ 111), द्वितेंद्र मिश्रा (बूथ 95), हेमंत सिन्हा (बूथ 89), डॉ. प्रीतम राम (बूथ 95, लुंड्रा विधानसभा), और राकेश गुप्ता (बूथ 168) अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक स्वयं अम्बिकापुर विधानसभा के बूथ क्रमांक 119 का कार्य देखेंगे।
14 दिसंबर को वोट चोर गद्दी छोड़ रैली दिल्ली में
बैठक में टी.एस. सिंहदेव ने जानकारी दी कि 14 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी दिल्ली के रामलीला मैदान में “वोट चोर गद्दी छोड़” चरणबद्ध आंदोलन के तहत एक विशाल रैली का आयोजन करेगी। इस दौरान देशभर से जुटाए गए करोड़ों मतदाताओं के हस्ताक्षरयुक्त मांगपत्र को राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।





