सूरजपुर।। खबरी गुल्लक।। भूपेंद्र राजवाड़े।।
कोतवाली थाना क्षेत्र के नयनपुर स्थित मित्तल राइस मिल में शुक्रवार सुबह 10 बजे दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से जख्मी है। मृतकों में वेद सिंह, बोल सिंह और विफल शामिल हैं, जबकि घायल सुरेंद्र का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।हादसे के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंचीं। मलबे में और मजदूर दबे होने की आशंका पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। स्थानीय मजदूरों की मदद से मलबा हटाया गया। एसपी और कलेक्टर ने भी मौके का जायजा लिया। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई का ऐलान किया गया।
लापरवाही का आरोप, मिल मालिकों का बचाव
स्थानीय मजदूरों और ग्रामीणों का कहना है कि 8 फीट ऊंची पार्टिशन दीवार बिना पिलर या सुरक्षा के बनाई गई थी। धान-चावल की प्रक्रिया में कोढ़ा भरने और मशीनों के वाइब्रेशन से दबाव बढ़ा, जिससे दीवार ढह गई। वहीं, मिल संचालक इसे प्राकृतिक हादसा बता रहे हैं। मिल प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख और घायल को 50 हजार रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है, लेकिन मजदूर इसे नाकाफी बता रहे हैं। हादसे के बाद मजदूरों और ग्रामीणों में गुस्सा भड़क गया। मिल के बाहर सैकड़ों लोग जमा हैं, दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन की आशंका पर भारी पुलिस बल तैनात है। जिला प्रशासन पूरे मामले पर नजर रखे हुए है।





