अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
जिला किसान कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष दुर्गेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने आज कलेक्टर के माध्यम से छत्तीसगढ़ के राज्यपाल को ज्ञापन सौंप समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए एग्री स्टैक पोर्टल को तत्काल बंद कर पुराने पद्धति को पुनः लागू करने की मांग की है। किसान कांग्रेस ने कहा कि वर्तमान में लागू एग्रो पोर्टल आधारित टोकन प्रणाली पूरी तरह से विफल हो चुकी है। किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पोर्टल की तकनीकी खामियों और मनमाने नियमों से किसानों का पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि कई किसान टोकन न मिलने से सीधे प्रभावित हो रहे हैं। महासमुंद में एक किसान ने टोकन न मिलने पर आत्महत्या का प्रयास तक किया, जो इस व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व सैनिक, कोटवार और वन अधिकार पट्टाधारक किसानों की भूमि का पंजीकरण भी एग्री पोर्टल के कारण नहीं हो पा रहा है। प्रमुख मांगो में किसानों के लिए धान खरीदी केन्द्रों पर तौल कांटा बढ़ाने, हमाली की संख्या बढ़ाने, पीने के पानी, बैठने की सुविधा, शौचालय एवं सर्दियों में अलाव जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। प्रतिनिधि मंडल में किसान कांग्रेस के पदाधिकारी चंद प्रकाश सिंह, प्रमोद चौधरी, मनीष केशरी , निखिल विश्वकर्मा शामिल थे।





