अंबिकापुर/ दुर्ग।। खबरी गुल्लक।। छत्तीसगढ़ राज्य में स्कूल शिक्षा विभाग के प्राचार्य, व्याख्याता और प्रधानपाठक की पदोन्नति सफलता पूर्वक व्यापक स्तर पर की जा चुकी है। लेकिन संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के रिक्त वरिष्ठ लेखा परीक्षक और सहायक ग्रेड-एक के पदों पर विगत कई वर्षों से पदोन्नति की कार्यवाही नहीं होने को लेकर लिपिक वर्ग में गहरा रोष व्याप्त है।
लोक शिक्षा संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा 31 दिसंबर 2024 को पदोन्नति के निर्देश जारी किए जाने के बावजूद भी अभी तक लिपिक वर्ग की पदोन्नति के संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस कारण लिपिक संघ एवं कर्मचारी वर्ग के बीच असंतोष बढ़ रहा है और अन्य संवर्ग के साथ भेदभाव की भावना उत्पन्न हो रही है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला शाखा अध्यक्ष एवं कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के मीडिया प्रभारी भानुप्रताप यादव ने कलेक्टर दुर्ग को पत्र भेजकर त्वरित पदोन्नति कार्यवाही की मांग की है। भानुप्रताप यादव ने कहा कि लिपिक वर्ग के सम्मान और करियर विकास हेतु पदोन्नति प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जानी चाहिए ताकि विभागीय कार्य में बाधा नहीं आए और कर्मचारी वर्ग में मनोबल बना रहे।





