ADD

क्रिसमस मिलन में सभी धर्मों विद्वानों ने दिया प्रेम-समरसता का संदेश.. बिशप हाउस में हुआ आयोजन.

0

 

अम्बिकापुर।। खबरी गुल्लक।।

 प्रेम की लहरें बिखेरते हुए भाईचारे का संदेश देते सर्वधर्म एकता मंच ने बिशप हाउस परिसर में क्रिसमस मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया। बिशप अंतोनिस बड़ा की अगुवाई और फादर थेओदोर लकड़ा के संयोजन में यह कार्यक्रम सभी धर्मों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जो समाज में व्याप्त विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एकता का प्रतीक बना। जब पूरी दुनिया क्रिसमस की चमक-धमक में डूबी है, तब अम्बिकापुर ने दिखाया कि सच्चा उत्सव तो प्रेम और समरसता में ही है।

कार्यक्रम की शुरुआत फादर विलियम उर्रे ने की, जिन्होंने मंच के गठन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंच न केवल धर्मों को जोड़ता है, बल्कि दिलों को भी एक कर देता है। अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए उन्होंने जोर दिया कि आज की जरूरत है आपसी सम्मान और प्रेम का। वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील शुक्ला ने संविधान की भावना को रेखांकित करते हुए कहा हमारा संविधान हमें स्वतंत्रता देता है कि हम अपने धर्म का पालन करें और दूसरे का आदर करें। यही भाईचारे की सच्ची ताकत है।  सिख समाज के जितेंद्र सिंह सोढ़ी ने दसवें गुरु के उपदेश साझा किया जंग के दौरान भी घायल दुश्मन की सेवा कर गुरु जी ने प्रेम का संदेश दिया यह आज भी प्रासंगिक है।

ब्राह्मण समाज के सतेंद्र तिवारी, प्रीतपाल सिंह अरोरा, मौलाना अबरार मिस्बाही, पास्टर प्रणय टोप्पो और शादाब रिजवी ने अपने भावपूर्ण विचार रखे। सभी ने एक स्वर में विभाजनकारी शक्तियों से सावधान रहने और प्रेम के पुल बनाने का आह्वान किया। मंच ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि आने वाले दिनों में सभी धर्मों के त्योहारों पर एक-दूसरे के घर जाकर बधाई देंगे, स्वागत-सत्कार करेंगे और समरसता को मजबूत बनाएंगे।कार्यक्रम में त्रिभुवन सिंह, मृगेंद्र सिंह देव, अशफाक अली, राशिद खान, पार्षद कलीम अंसारी, फादर कल्यानुस मिंज, फादर अनिल एक्का, फादर अनुरंजन, सभी चर्च प्रतिनिधि सिस्टरें और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह मिलन न केवल क्रिसमस का उत्सव था, बल्कि समाज को प्रेम की नई रोशनी दिखाने वाला ऐतिहासिक क्षण साबित हुआ। 


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)