अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
महज 9 और साढ़े 5 साल की उम्र में दो सगी बहनों ने ताईक्वांडो में राष्ट्रीय स्तर पर इतिहास रच दिया। शहर के अजेय जायसवाल और आकांक्षा जायसवाल की बेटियां वाणी 9 वर्ष और राघवी साढ़े 5 वर्ष ने जम्मू में आयोजित ताईक्वांडो मार्शल आर्ट्स की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीत लिए। यह उपलब्धि न सिर्फ परिवार का गौरव बढ़ा रही है, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि दोनों बहनें बचपन से ही खेल के प्रति समर्पित रही हैं। इतनी छोटी उम्र में राष्ट्रीय स्वर्ण-रजत पर कब्जा जमाने के बाद अब वाणी और राघवी का चयन मई 2026 में रोमानिया में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हो गया है। वे अभ्यास में जुटकर विदेशी मैदान पर भारत का परचम लहराने को बेताब हैं।
लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत, आशीर्वाद की बौछार
दिल्ली से लौटते ही अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर दोनों चैंपियन बहनों का भव्य स्वागत हुआ। दादा कौन्तेय जायसवाल, उमेश जायसवाल सहित परिवारजन और स्थानीय लोगों ने फूलमालाओं से सजाकर उनका सम्मान किया। उपस्थितजनों ने कहा कि ऐसी प्रतिभाएं देश का भविष्य हैं। परिवार ने बताया कि यह सफलता कड़ी मेहनत का परिणाम है।

.jpg)






















