ADD





निरीक्षक स्व. रामसाय पैकरा की पत्नी को मिली 1 करोड़ की जीवन बीमा राशि

0

 


अंबिकापुर।।  12 फरवरी 2026।। 

 छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत जिला जशपुर के दिवंगत निरीक्षक स्व. श्री रामसाय पैकरा की पत्नी श्रीमती मुनेश्वरी पैकरा को  एक करोड़ रुपये  की जीवन बीमा सहायता प्रदान की गई। यह राशि भारतीय स्टेट बैंक  के अधिकारियों द्वारा औपचारिक रूप से उनके परिजनों को सौंपी गई, जो दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु के प्रावधान के अंतर्गत दी गई।

 स्व. रामसाय पैकरा की सेवा यात्रा

स्व. श्री रामसाय पैकरा सरगुजा रेंज के जिला जशपुर में थाना प्रभारी नारायणपुर के पद पर तैनात थे। पुलिस मुख्यालय चंदखुरी में आयोजित सात दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स पूरा कर वे 27 जुलाई 2025 को अपने गृह ग्राम सुरगांव (सीतापुर) लौटे, जहां घर में बिजली करंट लगने से उनकी असामयिक मृत्यु हो गई। सेवानिवृत्ति से मात्र छह माह पूर्व यह हादसा हुआ। उनकी पुलिस सेवा 1 जून 1983 को जिला खरगोन मध्यप्रदेश में आरक्षक के रूप में आरंभ हुई। 1995 में प्रधान आरक्षक, 2004 में सहायक उपनिरीक्षक, 2009 में उपनिरीक्षक तथा 2014 से निरीक्षक के पद पर पदोन्नत होकर विभिन्न जिलों में उत्कृष्ट सेवा दी। 2022 से जशपुर में तैनात रहते हुए वे सरल स्वभाव, सौम्य व्यक्तित्व और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में प्रसिद्ध थे।

 बीमा चेक वितरण समारोह

समारोह में एसबीआई के उप महाप्रबंधक बिलासपुर  आलोक रंजन, क्षेत्रीय प्रबंधक अंबिकापुर  अविनाश पाणिग्रही, मुख्य प्रबंधक अंबिकापुर  शिरीष गीर तथा मुख्य प्रबंधक क्षेत्रीय कार्यालय अंबिकापुर  चंदन राठौर ने चेक सौंपा। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा  दीपक कुमार झा ने बैंक अधिकारियों को धन्यवाद देते हुए इसे विभागीय संवेदना और उत्तरदायित्व का प्रतीक बताया। यह सहायता परिवार को वित्तीय संबल प्रदान करेगी।

 पुलिस सैलरी पैकेज योजना की विशेषताएं

छत्तीसगढ़ पुलिस और एसबीआई के एमओयू से संचालित यह कल्याणकारी योजना वेतन खाता एसबीआई में रखने वाले पुलिसकर्मियों के लिए है। दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु पर नामिनी को 1 करोड़ तथा सामान्य मृत्यु पर 10 लाख रुपये का बीमा कवर मिलता है। बैंक अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे तत्काल रजिस्ट्रेशन कर परिवार सुरक्षित करें।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)