ADD





पीलिया प्रकोप वाले इलाकों में विशेष कैंप लगा 100 से अधिक संक्रमण के संदिग्ध लोगों का लिया गया रक्त का नमूना..., निगम ले रही पानी का सैंपल

0


अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक ।। 

शहर में पीलिया का प्रकोप अब एक वार्ड तक सीमित नहीं रह गया है। सर्वाधिक प्रभावित मोमिनपुरा में स्वास्थ्य विभाग ने विशेष शिविर लगाकर 100 से अधिक संदिग्ध मरीजों के रक्त नमूने एकत्र किए हैं। नवागढ़ और मोमिनपुरा के बाद आज घुटरापारा में भी पीलिया के 6 नए मरीज मिलने से संक्रमण के फैलाव की आशंका गहरा गई है। 

दूसरी ओर नगर निगम की जल शाखा क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की मरम्मत में जुटी है।  अलग-अलग बस्तियों से प्रतिदिन मरीजों का सामने आना संकेत दे रहा है कि समस्या व्यापक हो सकती है। नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद आज भी निगम आयुक्त, पार्षदों, स्वास्थ्य विभाग और जल शाखा के कर्मियों के साथ प्रभावित क्षेत्र में लगाये गए स्वास्थ्य शिविर और पाइप लाइन के सुधार कार्य की निगरानी में डटे रहे। उन्होंने कहा कि यदि यह केवल एक पाइप लाइन की खराबी का मामला होता, तो संक्रमण एक सीमित क्षेत्र तक रहता। लेकिन विभिन्न बस्तियों से मरीज मिल रहे हैं।  यदि पानी का समुचित शुद्धिकरण नहीं हो रहा है, तो शहरवासियों को दूषित पेयजल मिलना स्वाभाविक है,जो इस प्रकोप की जड़ हो सकता है।

नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप ने  बताया कि दूषित जल आपूर्ति की शिकायत के बाद तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की गई है। प्रभावित क्षेत्रों से पानी के कई नमूने लेकर जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होते ही आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बाहरी खानपान, फूड प्वाइजनिंग की भी संभावना 

इधर विशेष सर्वे में यह भी पता चल रहा है कि जिस नल कनेक्शन वाले घरों में पीलिया पीड़ित मिले हैं,उसी कनेक्शन से पड़ोसी भी पानी पी रहे हैं मगर वहां सभी स्वास्थ्य हैं। जिससे इस बात की संभावना जताई जा रही है कि कहीं पीलिया के पीछे बाहरी खानपान या फूड प्वाइजनिंग तो नहीं है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)