ADD





कांग्रेस ने कहा एसआईआर के बहाने फार्म 7 का दुरुपयोग कर अल्पसंख्यकों का काटा जा रहा नाम.. उपजिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

0


 अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 

मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण की जारी प्रक्रिया में फार्म 7 का उपयोग कर हजारों मतदाताओं के नाम कटवाने के संगठित प्रयास के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधि मंडल जिलाध्यक्ष  बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में आज उप जिला निर्वाचन अधिकारी  सुनील कुमार नायक से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा है। अपने ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने यह मांग की है कि फार्म 7 का दुरुपयोग कर वैध मतदाताओं का नाम कटवाने वाले तत्वों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाये। एस आई आर की प्रक्रिया के दूसरे चरण में दावा आपत्ति के दौरान अंतिम समय में भाजपा से जुड़े लोगों के द्वारा पूरे जिले में फार्म 7 का दुरुपयोग करते हुए हजारों लोगों के नाम कटवाने की आपत्ति दर्ज की गई। अकेले अम्बिकापुर शहर में 1143 नाम को कटवाने का आवेदन यह कहते हुए दिया गया  यह मतदाता मौजूद नहीं है। ऐसे लोगों में निगम अम्बिकापुर के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के भाई रफी अहमद, पार्षद कलीम अंसारी के पुत्र और भतीजा, पार्षद हसन खान और उनकी पत्नी, पूर्व पार्षद नुजहत फातिमा जैसे नाम शामिल हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने  फार्म 7 में गलत जानकारी देते हुए पूरे जिले के अल्पसंख्यकों को लक्ष्य करकर संगठित रूप से नाम कटवाने का आवेदन दिया था। जिन लोगों के नामों को कटवाने का आवेदन दिया गया था उनका नाम भौतिक सत्यापन के उपरांत SIR की ड्राफ्ट सूची में शामिल किया गया था। ऐसे में जानबूझकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने झूठी जानकारी का शपथ पत्र देते हुए वैध मतदाताओं का नाम कटवाने का प्रयास किया जा रहा है।

           उप जिला निर्वाचन अधिकारी से चर्चा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने यह मांग की है कि संबंधित मतदान केंद्र के BLA की मौजूदगी में नाम कटवाने के लिए भाजपाइयों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों का भौतिक सत्यापन कराया जाये। अगर भौतिक सत्यापन में यह पाया जाता है कि नाम काटने के लिए प्रस्तुत आवेदन गलत जानकारी पर आधारित हैं तो ऐसे आवेदन को देने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 212 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 31 के अंतर्गत कानूनी कार्यवाही कार्यवाही की मांग की है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि बिना भौतिक सत्यापन के ड्राफ्ट सूची में मौजूद किसी भी मतदाता का नाम विलोपित नहीं किया जायेगा। गलत फार्म 7 प्रस्तुत कर नाम कटवाने वाले लोगों के विरुद्ध कानून कार्यवाही के लिए उन्होंने विधिक अभिमत प्राप्त कर आगे बढ़ने का आश्वासन दिया है। इस दौरान पीसीसी उपाध्यक्ष श्री जे पी श्रीवास्तव, पीसीसी महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, मो इस्लाम, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, राशिद अहमद , शैलेंद्र सोनी, जमील खान, हसन खान ,मेराज रंगरेज, गुरूप्रीत सिंह, जीवन यादव,चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, नीतीश चौरसिया, निकी खान, सोहन जायसवाल, नरेंद्र विश्वकर्मा, अविनाश कुमार, विकास केशरी, दिनेश शर्मा, अख्तर चम्मा सहित बड़ी संख्या में प्रभावित मतदाता मौजूद थे।

थानों में दर्ज कराएंगे अपराध

कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने पार्टी के सभी बूथ लेबल एजेंट सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को इन फर्जी आवेदनों के विरोध में थानों में अपराध दर्ज कराने का निर्देश दिया है। जिलेभर में इसकी प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। हालांकि इस मामले में पुलिस असंज्ञेय अपराध का मामला पंजीबद्ध कर रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा है कि पुलिस के द्वारा कटे गए सनहा के आधार पर फर्जी फार्म 7 प्रस्तुत करने वाले भाजपाइयों के विरुद्ध जल्द ही न्यायालय में परिवाद की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी ताकि भविष्य में गलत तथ्यों के आधार पर वैध मतदाताओं का नाम कटवाने वालों पर लगाम लगे।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)