अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के उपरांत आज जारी अंतिम मतदाता सूचि के सामने आने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष सरगुजा बालकृष्ण पाठक ने कहा है कि फार्म 7 के माध्यम से भाजपा ने मतदाताओं के जिन नामों को काटने का दुर्भावनापूर्ण प्रयास किया वो विफल हो गया है। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के माध्यम से उन्होंने प्रशासन से यह मांग की है कि फार्म 7 के माध्यम से दुर्भावनापूर्ण तरीके से वैध मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 212 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत कार्यवाही की जाये। उल्लेखनीय है कि मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने संगठित रुप से जिले के हजारों वैध मतदाताओं के नाम को कटवाने के लिये फार्म 7 के अन्तर्गत आवेदन दिया था। इसको लेकर लगातार कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के साथ ही निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में प्रशासन से मिलकर भाजपा के इस संगठित और अवैध प्रयास के विरोध में साक्ष्य सहित अपना आवेदन दिया था।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने प्रेसवार्ता में यह आरोप लगाया कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया का उपयोग कर भाजपा अपने मनमुताबिक मतदाता सूचि को तैयार करने के प्रयास में थी। इसी के तहत भाजपा ने ऐसे मतदान केन्द्रों को चुनकर जहां कि कांग्रेस को लीड मिलती थी, वहां के कांग्रेस समर्थक मतदाताओं का नाम कटवाने का प्रयास किया था। लेकिन कांग्रेस पार्टी के सक्रीय बीएलए, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष एवं अन्य कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास के फलस्वरुप भाजपा का यह प्रयास सफल नहीं हो पाया। बालकृष्ण पाठक ने कहा कि एस0आई0आर0 में पार्टी की सक्रीयता का श्रेय पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को जाता है, जिन्होंने पूरे जिले के कार्यकर्ताओं के साथ 6 बार समीक्षा बैठक कर उन्हें हर चुनौतियों से निपटने के लिये तैयार किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने यह कहा है कि जनवरी 2025 की तुलना में आज जारी मतदाता सूचि के अनुसार जिलेभर में लगभग 72000 मतदाताओं की संख्या में गिरावट आयी है। निर्वाचन विभाग के अनुसार मतदाताओं के स्थानांतरित होने, मृत्यु होने या अनुपस्थित होने के कारण इसमें यह गिरावट आयी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदान केन्द्रों के अनुसार इसकी जांच प्रारंभ करेगी।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा ने जिन वैध मतदाताओं के नाम को कटवाने के लिये फार्म 7 दिये थे, उनका नाम मतदाता सूचि में यथावत रहना ही प्रथम दृष्टया यह दर्शाता है कि फार्म 7 दुर्भावनापूर्ण तरीके से दिये गये थे। इस संगठित प्रयास को लेकर या तो प्रशासन कार्यवाही करे अन्यथा पार्टी का लीगल सेल इस मामले में न्यायालय जायेगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश में ऐसे उदाहरण मौजूद हैं कि, भाजपा लगातार ऐसी प्रवृति अपनाकर मतदाता सूचियों में गडबडी कर चुनाव जीत रही है। लेकिन वे सरगुजा में पकडे गये हैं, और हम इस मामले को कानूनी रास्ते पर ले जायेंगे। इस दौरान मो इस्लाम, इरफान सिद्धकी, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, अतुल तिवारी, जमील खान, रशीद अहमद, नरेन्द्र विश्वकर्मा, आशीष जायसवाल आदि उपस्थित थे।

.jpg)






















