रायपुर।। खबरी गुल्लक ।।
प्रेम संबंधों के चक्कर में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। पुलिस ने पूछताछ में पूरा राज खोल दिया। आरोपी महिला समेत चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि ग्राम खसेरा निवासी भागवत सारथी ने 28 फरवरी को थाना खरोरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके छोटे भाई किशोर सारथी 27 वर्ष का शव ग्राम मांठ के पास सागौन वाटिका के रास्ते में संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने डॉग स्क्वाड बुलाकर मौके पर जांच शुरू की। परिजनों ने शक जताते हुए कहा कि अज्ञात लोगों ने किशोर की हत्या कर शव को घसीटते हुए फेंक दिया। शव और घटनास्थल का पंचनामा करते हुए मृतक की पत्नी से पूछताछ की गई, तो मामला खुल गया। पूछताछ में पता चला कि पत्नी का निलेश कुमार कुलदीप से लंबे समय से अवैध प्रेम संबंध चल रहा था। इसी को लेकर पति-पत्नी में रोज झगड़े और मारपीट होती थी। तंग आकर पत्नी ने प्रेमी निलेश के साथ साजिश रची।
27 फरवरी रात करीब 9 बजे पत्नी ने बहन को लाने के बहाने ग्राम बिठिया भेज दिया। इसी बीच निलेश ने अपने साथियों अजय राज कुलदीप और देवेंद्र कुमार देवांगन के साथ थार गाड़ी से खरोरा-रायपुर रोड पर घात लगाई। मात-तिल्दाडीह रोड पर सागौन वाटिका के पास मोटरसाइकिल सवार किशोर को गाड़ी से टक्कर मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सभी साक्ष्य जुटाकर चारों आरोपियों को दबोच लिया। मामले की आगे जांच जारी है।




