बलरामपुर/रामानुजगंज। खबरी गुल्लक 28 फरवरी 2026 ( ब्यूरो चीफ - जितेंद्र एक्का)
जिला मुख्यालय में सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की एक विशेष बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य एजेंडा प्राथमिक शाला प्रधान पाठक के पदों पर पदोन्नति की पूरक सूची जारी कराना रहा। फेडरेशन ने आरोप लगाया है कि शिक्षा विभाग के उदासीन रवैये के कारण योग्य सहायक शिक्षकों को उनके हक से वंचित किया जा रहा है। बैठक में चर्चा की गई कि 01/04/2025 की स्थिति में जारी पदोन्नति सूची के बाद भी कई पद रिक्त हैं। इन शेष रिक्त पदों पर प्रतीक्षा सूची से पूरक सूची जारी की जानी थी, लेकिन विभाग द्वारा इसमें देरी की जा रही है। इससे उन सहायक शिक्षकों को अपूरणीय क्षति हो रही है जो पदोन्नति की पात्रता रखते हैं। आरोप लगाया गया कि शिक्षा अधिकारी के उदासीन रवैये के खिलाफ फेडरेशन ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 2 मार्च को इस संबंध में सूचनार्थ आवेदन विभाग को सौंपा जाएगा, 6 मार्च को स्मरण पत्र के साथ आंदोलन की लिखित चेतावनी ज्ञापन दिया जाएगा, 13 मार्च को जिला शिक्षा कार्यालय घेराव के लिए शासन को ज्ञापन दिया जाएगा और 23 मार्च 2026 स्थापना शाखा शैक्षणिक जिला रामानुजगंज का पूर्ण घेराव प्रदर्शन करते हुए उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष श्री देवनारायण गुप्ता, जिला प्रवक्ता प्रभाकर मुखर्जी, ब्लॉक अध्यक्ष श्री छत्रधारी सिंह, श्री देवचंद सिंह, सुरेन्द्र सिंह, दिलीप सिंह, सीताराम पाण्डे, कंचन तिर्की, बरखा रोहित सहित फेडरेशन के अनेक पदाधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।
23 मार्च को घेरेंगे डीईओ कार्यालय
अध्यक्ष ने कहा कि योग्य सहायक शिक्षकों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि विभाग समय रहते पूरक सूची जारी नहीं करता, तो 23 मार्च को डीईओ कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।




