अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 10 फरवरी
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के व्यस्त अम्बेडकर चौक पर आज तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। अम्बेडकर चौक पर स्थित फर्नीचर दुकानों, ऑटो पार्ट्स की दुकान में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने देखते ही देखते आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है, लेकिन आगजनी का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और व्यवसाई दहशत में आ गए, हड़कंप मचा रहा। अम्बेडकर चौक शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां फर्नीचर शोरूम, ऑटो पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा और अन्य खुदरा दुकानें हैं। आज तड़के फर्नीचर दुकान से लोगों ने धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और पड़ोसी ऑटो पार्ट्स दुकान तक पहुंच गई। लकड़ी, प्लास्टिक और ज्वलनशील सामग्री से भरी दुकानों में आग ने दोगुनी रफ्तार पकड़ ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की ऊंचाई 30- 40 फुट तक पहुंच गई थी, जिससे दुकानों के शटर पिघलने लगे। बचाव कार्य में पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है। गनीमत था कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन दुकानदारों को करोड़ों का नुकसान हुआ है।

.jpg)






















