अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 26 मार्च 2026
लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कटिंदा में शासकीय उचित मूल्य दुकान (राशन दुकान) से 15 लाख 72 हजार 32 रुपये के राशन के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह कंवर की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने सरपंच पति कुदरत बहाल सिंह सहित गणेश स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष कविता सिंह और उपाध्यक्ष दिलसाय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। ग्रामीणों ने राशन वितरण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी, जो अब पुलिस कार्रवाई में बदल चुकी है।
खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह कंवर 23 फरवरी 2026 को ग्रामीणों की शिकायत पर कटिंदा ग्राम की उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण करने पहुंचे थे। दुकान का संचालन गणेश स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि वास्तविक नियंत्रण सरपंच पति कुदरत बहाल सिंह के हाथों में था। जांच में खुलासा हुआ कि समूह ने 380.53 क्विंटल चावल, 12.95 क्विंटल शक्कर, 5.5 क्विंटल चना दाल और 23.64 क्विंटल नमक का वेरीफिकेशन (वेरी-वेरी) कर गबन कर लिया। इन वस्तुओं की कुल कीमत 15,72,032 रुपये आंकी गई है।
लखनपुर थाने में दर्ज एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(3) एवं 5 के साथ-साथ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा जताया है। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर हड़कंप मचा दिया है, क्योंकि गरीब परिवारों के लिए राशन की यह व्यवस्था जीवनरेखा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से राशन वितरण में अनियमितताएं हो रही थीं, लेकिन अब कार्रवाई से न्याय की उम्मीद जगी है। आम आदमी पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार को सख्ती दिखानी चाहिए।



