अंबिकापुर/ मैनपाट।। खबरी गुल्लक ।।
विकासखंड मैनपाट क्षेत्र में जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से एक युवक और वन्य प्राणी लोमड़ी की मौत होने के मामले में वन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा व जीआई तार जब्त किया है।
इस घटना के मामले में डीएफओ अभिषेक जोगवत और डीआईजी - एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा‑ निर्देशन में एसडीओ वन श्रीमती सपना मुखर्जी और थाना प्रभारी मनोज प्रजापति के नेतृत्व में वन व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा त्वरित जांच करते हुए सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 तथा विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत अपराध दर्ज किया गया है और मामले में गैर इरादतन हत्या (सदर धारा) की भी कार्रवाई की गई है।
युवक तार की चपेट में आया, मौके पर ही घटना में मौत
25 मार्च 2026 को तेंदुपारा निवासी जयप्रकाश यादव ने थाना कमलेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके जीजा मिश्रालाल यादव उन्हें रवई दिखाने बडेरा जंगल ले गए थे। जीजा आगे आगे चल रहे थे कि अचानक गिरकर छटपटाने लगे। निकट जाकर देखने पर पाया कि उनके शरीर में नंगा तार लिपटा हुआ था और शरीर से हल्का धुआं व जलन निकल रही थी। तार में विद्युत करंट था, इसी तार की चपेट में आने से मिश्रालाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। युवक के शव के नजदीक ही एक लोमड़ी का भी शव मिला था। अज्ञात आरोपियों के द्वारा जानवरों के शिकार के लिए 11 हजार केव्ही तार में अवैध हुकिंग कर जीआई तार बिछा करंट प्रवाहित किया गया था,
एसडीओ वन श्रीमती सपना मुखर्जी ने बताया कि जांच के दौरान संयुक्त टीम ने आरोपियों की पहचान कर ली। जिसमें जयपाल तिर्की 46 वर्ष, विश्वनाथ मांझी 37 वर्ष, धुरसाय मांझी 35 वर्ष, श्याम सुंदर कुजूर 29 वर्ष, निर्मल उर्फ गेद्दा कुजूर 57 वर्ष और जहूर साय 66 वर्ष सभी निवासी असकरा थाना कमलेश्वरपुर को गिरफ्तार करते हुए सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।
वन एसडीओ सपना मुखर्जी ने ग्रामीणों से अपील कर कहा है कि वन्य प्राणी के शिकार के खिलाफ निरंतर सख्त कार्रवाई हो रही है। यदि इस तरह की गतिविधि पता चले तो तत्काल सूचना देवें। उन्होंने वन अमले को भी सजगता के साथ जंगल की सुरक्षा के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई की जा चुकी है।



