अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 16 मार्च 2026।।
छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के जिला सरगुजा अध्यक्ष एमएस आजाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी अम्बिकापुर को पत्र लिखकर 20 मार्च को निर्धारित कक्षा 8वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा को एक दिन आगे बढ़ाने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि मुस्लिम समुदाय का पवित्र पर्व ईद-उल- फितर चांद दिखने के आधार पर 20 मार्च को पड़ने की प्रबल संभावना है। सरगुजा जिले और संभाग में मुस्लिम समुदाय की बड़ी आबादी है। ईद की नमाज का समय सुबह 8 से 11 बजे तक होता है, जो परीक्षा समय से टकरा रहा है। परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी करने वाले शिक्षक और केंद्राध्यक्ष भी इससे वंचित हो जाएंगे। फेडरेशन ने बताया कि राष्ट्रीय अवकाश 21 मार्च को निर्धारित है, लेकिन चांद के 29 वें दिन दिखने पर ईद 20 को ही मनाई जाएगी। इसलिए कक्षा आठवीं की हिंदी पेपर को अगले दिन आयोजित करने का अनुरोध किया गया है। पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर सरगुजा और संयुक्त संचालक सरगुजा संभाग को भेजी गई है।



