अंबिकापुर/ बैकुंठपुर। खबरी गुल्लक।15 मार्च 2026।। छत्तीसगढ़ के जिला कोरिया के घने फाटपानी- गदबदी जंगल में आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने हाईटेक छापेमार कार्रवाई कर अवैध महुआ शराब के दो बड़े सप्लायरों को धर दबोचा। ड्रोन कैमरे की मदद से जंगल की हर गतिविधि पर नजर रखी गई, जिससे आरोपी भागने में नाकाम रहे।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी नीलकमल सिंह उर्फ नीलू सिंह फाटपानी गदबदी निवासी के पास से 55 लीटर महुआ शराब और 3500 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त हुआ। उसके पार्टनर संतोष बरगाह के कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। दोनों पूरे कोरिया जिले में बड़े पैमाने पर सप्लाई करते थे।
लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए श्री गुप्ता ने बताया कि जंगल में एक तरफ से घुसते ही आरोपी दूसरी तरफ से फरार हो जाते थे। इस बार ड्रोन से लोकेशन फिक्स कर घेराबंदी की, जिससे माल के साथ आरोपी भी पकड़े गए। कई अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी। दोनों को छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 59(क) के तहत गिरफ्तार कर बैकुंठपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी हो गया।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक कुमारू राम, रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह व चंद्रावती सक्रिय रहे।



