बलरामपुर-रामानुजगंज।।खबरी गुल्लक ।।
जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में जंगल से घिरे इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध अफीम की खेती के मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 10 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस, प्रशासन, एसएफएल और वन विभाग की संयुक्त टीम ने 1.488 हेक्टेयर में फैली फसल को जड़ से उखाड़कर जब्त कर लिया था।
थाना प्रभारी कुसमी को मुखबिर ने बताया कि रूपदेव राम भगत और कौशिल भगत के खेतों में अवैध अफीम की खेती हो रही है। मौके पर पहुंची टीम ने अफीम के पौधे, जड़, तना, पत्ती, फूल, फल सहित कुल 4344.569 किलोग्राम (43 क्विंटल से अधिक) जब्त किया। इसमें दो डब्बों में आधा-आधा भरा अफीम का लासा और चार बड़ी व एक छोटी बोरी में सूखे फल शामिल थे। अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपये आंकी गई है। भूमि डीसीएस सर्वे में पड़ी होने के कारण रबी गिरदावरी नहीं हुई थी।
यह आरोपी हुए गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान खेतों पर नजर रख रहे सातों आरोपी मौके पर पकड़े गए। इनमें स्थानीय निवासी रूपदेव राम भगत 50 वर्ष, त्रिपुरी सरनाटोली, कौशिल भगत 30 वर्ष, त्रिपुरी माचाडीपा, बिहार के मनोज कुमार 24 वर्ष, सोमया, गया, उपेन्द्र कुमार 27 वर्ष, सोमया, गया, झारखंड के विन्देश्वर 45 वर्ष, कोलवा, चतरा, जिरमल मुंडा 56 वर्ष, भगचंद, जशपुर और कृष्णा सिंह कुराग, जशपुर शामिल हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत अपराध क्रमांक 00/2026 दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक प्रकरण में एंड टू एंड विवेचना जारी है, जिसमें फाइनेंशियल गतिविधियों की भी पड़ताल हो रही है। न्यायिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पहचान पंचनामा तैयार कर जब्ती की गई। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने बताया कि राजस्व, पुलिस, वन विभाग की संयुक्त टीमें जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग चला रही हैं। जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए ऐसी गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई होगी। आमजन से अपील की गई है कि अफीम या मादक पदार्थों की सूचना दें, जो गोपनीय रखी जाएगी।



